भिण्ड , अगस्त 06 -- मध्यप्रदेश में भिण्ड जिले के गोहद अनुभाग में सरकारी भूमि पर किए गए अवैध रेत और काली गिट्टी के भंडारण के विरुद्ध खनिज विभाग ने कार्रवाई करते हुए करीब दो लाख रुपये मूल्य की सामग्री नष्ट कर दी।
खनिज विभाग के अनुसार बुधवार देर शाम खनिज अधिकारी गौरव कुमार साहू के नेतृत्व में तहसीलदार विश्राम शाक्य, नायब तहसीलदार रामशंकर शर्मा तथा दो थानों की पुलिस की मौजूदगी में जेसीबी और ट्रैक्टरों की सहायता से कार्रवाई की गई। इस दौरान केशव पार्क के समीप शासकीय भूमि पर रखी लगभग 100 घन मीटर रेत और 40 घन मीटर काली गिट्टी को जमीन में मिलाकर नष्ट कर दिया गया। अधिकारियों के अनुसार नष्ट की गई सामग्री की अनुमानित कीमत करीब दो लाख रुपये है।
श्री साहू ने बताया कि वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर जिले में अवैध खनिज भंडारण और कारोबार के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में गोहद में यह कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि आगे भी ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। स्थानीय लोगों के अनुसार गोहद क्षेत्र में लंबे समय से शासकीय भूमि पर रेत और गिट्टी का अवैध भंडारण किया जा रहा था। प्रशासन की कार्रवाई के बाद अवैध कारोबारियों में हड़कंप की स्थिति है।
सूत्रों के अनुसार गोहद नगर पालिका के फिल्टर प्लांट के सामने सड़क किनारे भी ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से बड़े पैमाने पर रेत का अवैध भंडारण किया जा रहा है, जिससे यातायात प्रभावित हो रहा है। प्रशासन ने इस क्षेत्र में भी शीघ्र कार्रवाई के संकेत दिए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित