अलवर , अगस्त 02 -- राजस्थान में कोटपूतली-बहरोड़ जिले के हरसौरा थाना क्षेत्र में पुलिस ने सरकारी राशन के गेहूं के गबन के मामले में कार्रवाई करते हुए राशन डीलर को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने उसके कब्जे से 75 क्विंटल 41 किलोग्राम सरकारी गेहूं बरामद किया है। आरोपी पर सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) के गेहूं का गबन कर उसे खुर्द-बुर्द करने का आरोप है।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि जिला पुलिस अधीक्षक सतवीर सिंह के निर्देश पर पुलिस दल ने कार्रवाई की। जांच के दौरान सामने आया कि उचित मूल्य की दुकान के आकस्मिक निरीक्षण में दुकान बंद मिली और पीडीएस पोर्टल पर दर्ज हजारों किलो गेहूं मौके पर उपलब्ध नहीं था। नोटिस जारी करने के बावजूद राशन डीलर धोलाराम गुर्जर न तो जांच में शामिल हुआ और न ही संतोषजनक जवाब दिया। बाद में दुकान खोलने पर केवल आठ कट्टे खराब गेहूं के मिले, जबकि रिकॉर्ड में करीब 26.38 टन गेहूं स्टॉक दर्शाया गया था।

प्रवर्तन अधिकारी की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज किया गया। जांच के बाद धौलाराम गुर्जर को गिरफ्तार कर लिया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित