नयी दिल्ली , जून 17 -- केंद्रीय खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण विभाग (डीएफपीडी) गुरुवार को यहां एक विशेष कार्यक्रम में खाद्यान्न भंडारण के लिए स्मार्ट भंडारण-गृह प्रणाली शुरू करने जा रहा है।

इस प्रणाली में गोदाम संचालन को बेहतर बनाने और शासन तंत्र को मजबूत करने के लिए कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), इंटरनेट ऑफ थिंग्स (आईओटी), स्वचालन और विश्लेषण सहित उन्नत प्रौद्योगिकियों को शामिल की गयी है।

बुधवार को जारी एक आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार उपभोक्ता कार्य, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्री प्रल्हाद जोशी भारतमंडपम में आयोजित किये जाने वाले इस कार्यक्रम में इस प्रणाली का उद्घाटन करेंगे। राज्य मंत्री निमुबेन जयंतीभाई बंभानिया और बी.एल. वर्मा भी इस अवसर पर उपस्थित रहेंगे। इस अवसर पर 'डिपो दर्पण' मूल्यांकन व्यवस्था के तहत अच्छे कार्य के लिए पहचाने गये केंद्रीय भंडारण निगम (सीडब्ल्यूसी) और भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले गोदामों को सम्मानित किया जाएगा।

मंत्रालय का कहना है कि स्मार्ट भंडारगृह प्रणाली आधुनिक, प्रौद्योगिकी-आधारित और कुशल सार्वजनिक भंडारण अवसंरचना के माध्यम से भारत की खाद्य सुरक्षा संरचना को मजबूत करने पर सरकार के निरंतर जोर को दर्शाती है। इसके अंतर्गत भंडार की प्रथाओं को सुधारने और खाद्यान्न भंडारण के काम में में दक्षता बढ़ाने के लिए एक एकीकृत प्रौद्योगिकी-आधारित समाधान के रूप में पेश किया जा रहा है।

प्रस्तावित प्रणाली गेट और भारमापक-सेतु के स्वचालन, डिजिटल संपर्क प्रबंधन, गोदाम की स्थिति की डिजिटल निगरानी, इन्वेंट्री प्रकाश की समुचित व्यवस्था और एकीकृत डिजिटल-सचना पट के माध्यम से गोदामों के तत्क्षण परिचालन निरीक्षण में मदद करेगी। मंत्रालय का कहना है कि यह पहल खाद्यान्न आपूर्ति श्रृंखला में डिजिटल परिवर्तन और आधुनिकीकरण पर केंद्रित विभाग के व्यापक सुधार एजेंडा पर आधारित है। हाल के वर्षों में, खरीद, भंडारण और वितरण प्रणालियों में पारदर्शिता, परिचालन दक्षता और सेवा वितरण में सुधार के लिए कई पहलें की गयी हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित