हरिद्वार , मई 14 -- उत्तराखंड के हरिद्वार में मंगलौर विधानसभा क्षेत्र के सरकारी अस्पताल में गुरुवार को कांग्रेस विधायक काज़ी निजामुद्दीन के औचक निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की गंभीर खामियां उजागर हो गईं। अस्पताल में फैली अव्यवस्था और लापरवाही को देखकर विधायक ने मौके पर मौजूद स्वास्थ्यकर्मियों को कड़ी फटकार लगाई।
निरीक्षण के दौरान एक मरीज जमीन पर पड़ा मिला, जबकि उसकी देखरेख के लिए कोई कर्मचारी मौजूद नहीं था। मरीज की स्थिति देखकर विधायक ने तत्काल उपचार की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। इस दौरान जब स्ट्रेचर मंगवाया गया तो उस पर जमी धूल ने अस्पताल की सफाई और व्यवस्थाओं की पोल खोल दी। विधायक ने इसे स्वास्थ्य विभाग की घोर लापरवाही बताते हुए नाराजगी जाहिर की।
मानवीय संवेदनशीलता दिखाते हुए विधायक काज़ी निजामुद्दीन स्वयं मरीज को गोद में उठाकर अपनी गाड़ी तक ले गए और उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया। घटना के दौरान अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। विधायक ने मौके से ही स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को फोन कर अव्यवस्थाओं पर कड़ी नाराजगी जताई और तत्काल सुधार के निर्देश दिए।
विधायक के औचक निरीक्षण से अस्पताल प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें अस्पताल की बदहाल स्थिति साफ दिखाई दे रही है। वीडियो वायरल होने के बाद आम लोगों में भी स्वास्थ्य विभाग की कार्यशैली को लेकर नाराजगी देखने को मिल रही है।
विधायक ने कहा कि मरीजों की जिंदगी से खिलवाड़ किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के लिए सख्त कदम उठाए जाएंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित