नयी दिल्ली , जुलाई 20 -- दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने सोमवार को स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक कर राजधानी के सरकारी अस्पतालों में स्वास्थ्य सेवाओं और मानसून के दौरान स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की तैयारियों का जायजा लिया।
डॉ. सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी सरकारी अस्पतालों में आवश्यक दवाइयों का पर्याप्त भंडार सुनिश्चित किया जाए और पैथोलॉजी सहित सभी जांच सेवाएं बिना किसी बाधा के संचालित हों। उन्होंने कहा कि अस्पतालों में आने वाले प्रत्येक मरीज को समय पर उपचार और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं मिलनी चाहिए तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
मानसून के दौरान डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया और अन्य मौसमी बीमारियों के बढ़ते खतरे को देखते हुए डॉ. सिंह ने सभी अस्पतालों को पूरी तरह सतर्क रहने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि दवाइयों, जांच सुविधाओं, कंज्यूमेबल्स और अन्य चिकित्सा संसाधनों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाये ताकि मरीजों की संख्या बढ़ने पर भी उपचार व्यवस्था प्रभावित न हो। साथ ही तकनीकी पदों पर रिक्तियों की समीक्षा करते हुए उन्होंने भर्ती प्रक्रिया में तेजी लाने और सभी आवश्यक औपचारिकताएं शीघ्र पूरी करने के निर्देश दिये।
डॉ. सिंह ने कहा कि दिल्ली सरकार अस्पतालों की सेवाओं में सुधार, मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने और जनस्वास्थ्य व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने अधिकारियों को अस्पतालों की तैयारियों की नियमित निगरानी करने तथा समीक्षा बैठक में दिये गये सभी निर्देशों का समयबद्ध और प्रभावी ढंग से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिये।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित