चंडीगढ़ , जून 02 -- हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने कहा कि सरकारी अस्पतालों में सफाई और सुरक्षा व्यवस्था अब पीपीपी मोड पर संचालित होगी। इसका मकसद महिला मरीजों, नर्सों, डॉक्टरों और कर्मचारियों की सुरक्षा मजबूत करना है।

उन्होंने चंडीगढ़ में मीडिया से बातचीत में कहा कि सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को आधुनिक और सुरक्षित बनाने के लिए काम कर रही है। महिलाओं के खिलाफ अपराध पर सख्त रुख अपनाते हुए उन्होंने बताया कि लोक नायक जयप्रकाश सिविल अस्पताल में नाबालिग से यौन उत्पीड़न के आरोपी कंसलटेंट के खिलाफ मामला दर्ज कर सेवा समाप्त कर दी गयी है।

स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि चरखी दादरी में बन रहे सरकारी मेडिकल कॉलेज का नाम स्वतंत्रता सेनानी राव तुलाराम के नाम पर रखा जाएगा। इसके लिए उन्होंने केंद्र सरकार, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह का आभार जताया।

उन्होंने कहा कि सभी जिलों में स्त्री रोग, एनेस्थीसिया और बाल रोग विशेषज्ञों की उपलब्धता सरकार की प्राथमिकता है। इससे महिलाओं और बच्चों को घर के पास बेहतर इलाज मिलेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित