पटना, मई 21 -- बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गुरुवार को 61 दिवंगत पुलिसकर्मियों के परिजनों को 37 करोड़ 50 लाख रुपए की बीमा राशि का चेक प्रदान किया। मुख्यमंत्री श्री चौधरी आज 'बैंक ऑफ बड़ौदा बिहार पुलिस सैलरी पैकेज दिवंगत पुलिसकर्मी बीमा लाभ वितरण कार्यक्रम' में शामिल हुए। नेहरू पथ स्थित बिहार पुलिस मुख्यालय, सरदार पटेल भवन के ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री चौधरी ने दिवंगत पुलिसकर्मियों के परिजनों को सांकेतिक चेक प्रदान किया। इस कार्यक्रम में 61 दिवंगत पुलिसकर्मियों के परिजनों को 37 करोड़ 50 लाख रुपए की राशि चेक के माध्यम से प्रदान की गई।
श्री चौधरी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि अत्यंत दुख का विषय है कि हमारे बीच 61 पुलिसकर्मी नहीं रहे,जिनके परिजनों को यहां इस कार्यक्रम में छोटी सी राशि सहयोग स्वरूप प्रदान की जा रही है। उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति के जीवन की भरपाई धन से नहीं किया जा सकता, लेकिन जीवन जीने के लिए धन आवश्यक है। दिवंगत पुलिसकर्मी भी चाहते थे कि उनका परिवार आगे बढ़े और उनके जीवन में समृद्धि आए। आज यहां सहयोग स्वरूप दिवंगत पुलिसकर्मियों के परिजनों को राशि प्रदान की जा रही है, जिससे उन्हें आगे बढ़ने में मदद मिले। उन्होंने इसके लिए बैंक ऑफ बड़ौदा को धन्यवाद दिया, जिन्होंने ऐसे लोगों के लिए अच्छा पैकेज लाने का निर्णय लिया।
श्री चौधरी ने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम अन्य विभागों में भी होने चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि कोई परिवार को छोड़कर इस दुनिया से चला जाता है तो उनके परिजनों का भविष्य उज्ज्वल हो और जीवन खुशहाल रहे, ऐसी व्यवस्था होनी चाहिये। बिहार पुलिस बल के लिए जितना निवेश किया जा रहा है वह कम है, क्योंकि जब पुलिस मजबूत होगी तभी सुशासन सुदृढ़ होगा और समृद्धि के रास्ते खुलेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित