पटना , मई 09 -- बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने नगर परिषद् सुल्तानगंज के सभापति राजकुमार गुड्डू की असामयिक मौत पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है। श्री चौधरी ने कहा कि राजकुमार गुड्डू की मृत्यु का समाचार अत्यंत ही दुःखद है और इससे वह मर्माहत हूं। 28 अप्रैल को हुई घटना में घायल होने के बाद गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान आज उनकी मौत हो गई।
मुख्यमंत्री श्री चौधरी ने पुलिस महानिदेशक को निर्देश दिया है कि इस मामले में स्पीडी ट्रायल के माध्यम से दोषी व्यक्तियों को शीघ्र कठोर सजा दिलवायें, जिससे पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके।
मुख्यमंत्री श्री चौधरी ने कहा कि राजकुमार गुड्डू काफी मिलनसार और सरल स्वभाव के व्यक्ति थे। वे अपने क्षेत्र में काफी लोकप्रिय थे और लोगों के लिये हमेशा उपलब्ध रहते थे। उनके निधन से राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्र में अपूरणीय क्षति हुयी है।
मुख्यमंत्री श्री चौधरी ने दिवंगत आत्मा की चिर शांति तथा उनके परिजनों को दुख की इस घड़ी में धैर्य धारण करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित