पटना , अप्रैल 16 -- बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी गुरुवार को दशमेश पिता श्री गुरु गोविंद सिंह जी महाराज की जन्मस्थली तख्त श्रीहरिमंदिर जी परिसर, पटना साहिब पहुंचे।
मुख्यमंत्री श्री चौधरी ने ने तख्त श्रीहरिमंदिर जी, पटना साहिब में मत्था टेका और राज्य के सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की। इस दौरान श्री हरिमंदिर जी प्रबंधक कमिटी के सदस्यों ने मुख्यमंत्री श्री चौधरी को तलवार, अंगवस्त्र, सरोपा एवं प्रतीक चिन्ह भेंटकर उनका स्वागत किया।
मुख्यमंत्री श्री चौधरी ने पत्रकारों से बातचीत करते हुये कहा कि गुरू की प्रेरणा से देश आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास के पथ पर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार ने बिहार का लंबे समय तक नेतृत्व करते हुये राज्य को आगे बढ़ाया है। राज्य में बेहतर तरीके से 350वां प्रकाश पर्व मनाया गया। यहां की संरचना को काफी बेहतर किया गया है। उन्होंने कामना की कि श्री गुरुगोविंद सिंह जी महाराज की पूरे प्रदेश पर कृपा बनी रहे। राज्य समृद्ध हो और देश विकसित हो।
इस अवसर पर विधायक डॉ.दिलीप कुमार जायसवाल, पटना प्रक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक जितेन्द्र राणा, पटना के जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एस.एम., पटना के वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के. शर्मा, अन्य गणमान्य व्यक्ति, वरीय अधिकारीगण, गुरूद्वारा प्रबंधक कमिटी के सदस्यगण, सेवादार एवं श्रद्धालुगण उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित