पटना , अक्टूबर 22 -- बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह को जन्मदिन की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।

मुख्यमंत्री ने श्री शाह के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और सुखमय जीवन की कामना करते हुए कहा कि राष्ट्र की उन्नति, जनसेवा और जनकल्याण के प्रति उनका समर्पण देश को नई दिशा और नई ऊर्जा प्रदान करता रहे।

श्री चौधरी ने गुरुवार को सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर जारी अपने संदेश में श्री शाह को राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पित, दृढ़ इच्छाशक्ति से संपन्न और कुशल नेतृत्व का धनी बताया। उन्होंने ईश्वर से श्री शाह के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की मंगलकामना की।

मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि राष्ट्रहित और जनकल्याण के कार्यों में श्री शाह का योगदान निरंतर देश की प्रगति में सहायक बना रहेगा।

भारत सरकार के गृहमंत्री श्री शाह का जन्म 22 अक्टूबर 1964 को मुंबई में हुआ था। उनके पिता का नाम अनिलचंद्र शाह और माता का नाम कुसुमबेन शाह है। उन्होंने गुजरात में अपनी प्रारंभिक शिक्षा प्राप्त की और अहमदाबाद स्थित गुजरात विश्वविद्यालय से बीएससी की पढ़ाई की। उनकी राजनीतिक यात्रा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) से शुरू हुई। बाद में वह अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) से जुड़े और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के संगठन में विभिन्न जिम्मेदारियां संभालीं।

श्री शाह वर्ष 1997 में पहली बार गुजरात विधानसभा के सदस्य निर्वाचित हुए। उन्होंने 1997 से 2017 के बीच गुजरात विधानसभा में विधायक के रूप में काम किया और राज्य सरकार में गृह राज्य मंत्री सहित विभिन्न जिम्मेदारियां निभाईं। वर्ष 2014 में उन्हें भाजपा का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया गया। उनके नेतृत्व में पार्टी ने कई राज्यों में चुनावी सफलता हासिल की। वर्ष 2017 में वह गुजरात से राज्यसभा के सदस्य निर्वाचित हुए और वर्ष 2019 में गांधीनगर लोकसभा क्षेत्र से जीतकर लोकसभा पहुंचे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित