सीतापुर , जून 18 -- आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद चंद्रशेखर आजाद ने गुरुवार को सीतापुर जिले के रामपुर मथुरा विकासखंड के मझगवां गांव में सम्राट अशोक के नाम पर बनाए गए द्वार के उद्घाटन की अनुमति न दिए जाने को लेकर सरकार और प्रशासन पर निशाना साधा।

उन्होंने कहा कि ग्राम प्रधान अंबिका प्रसाद मौर्य ने अपने परिवार के किसी सदस्य के नाम पर नहीं, बल्कि चक्रवर्ती सम्राट अशोक महान के नाम पर द्वार का निर्माण कराया है। इसके बावजूद प्रशासन द्वारा उद्घाटन की अनुमति न देना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने आरोप लगाया कि यदि किसी भाजपा नेता या मंत्री द्वारा ऐसा कार्यक्रम आयोजित किया गया होता तो कोई आपत्ति नहीं होती।

चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि ग्राम प्रधान के विरुद्ध सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के प्रयास का मुकदमा दर्ज किया गया है, जबकि वास्तविकता यह है कि यह द्वार जनसहयोग से बनाया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन और पुलिस सरकार के दबाव में काम कर रहे हैं।

उन्होंने दावा किया कि यदि वर्तमान समय में पंचायत चुनाव करा दिए जाएं तो आजाद समाज पार्टी गांव-गांव में ग्राम प्रधान, पंचायत सदस्य, क्षेत्र पंचायत सदस्य और जिला पंचायत सदस्य के पदों पर जीत दर्ज करेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी के कार्यकर्ता प्रत्येक गांव में सक्रिय हैं और पंचायत चुनाव में पार्टी मजबूत प्रदर्शन करेगी।

ग्राम प्रधान अंबिका प्रसाद मौर्य की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि उनका परिवार स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों से जुड़ा रहा है और समाज सेवा में सक्रिय है। उन्होंने बताया कि परिवार ने गरीब बच्चों की शिक्षा के लिए लगभग एक एकड़ भूमि दान की है, जिससे भविष्य में बच्चों को शिक्षा से वंचित न होना पड़े।

आजाद ने कहा कि सम्राट अशोक का जीवन और योगदान ऐतिहासिक रहा है तथा उनके सम्मान में बनाए गए द्वार का उद्घाटन किया जाना था, लेकिन प्रशासन ने इसकी अनुमति नहीं दी। उन्होंने सवाल उठाया कि क्षेत्र में कई अन्य द्वार और स्वागत गेट बने हुए हैं, क्या प्रशासन उन सभी पर भी कार्रवाई करेगा।

उन्होंने आरोप लगाया कि केवल उन्हें कार्यक्रम में आमंत्रित किए जाने के कारण विवाद खड़ा किया गया है। सरकार को चेतावनी देते हुए उन्होंने कहा कि जनता चुनाव में इसका जवाब देगी।

कार्यक्रम के दौरान चंद्रशेखर आजाद ने डॉ. भीमराव आंबेडकर और भगवान गौतम बुद्ध की प्रतिमाओं पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि वह ग्राम प्रधान के वृद्ध पिता का कुशलक्षेम जानने भी आए थे। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण, पार्टी कार्यकर्ता, पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। प्रशासन ने पूरे कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित