हैदराबाद , जून 12 -- तेलंगाना के सिंचाई एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री कैप्टन एन उत्तम कुमार रेड्डी ने शुक्रवार को हैदराबाद में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से मुलाकात की। उन्होंने श्री साय से तेलंगाना-छत्तीसगढ़ सीमा पर विकसित की जा रही महत्वाकांक्षी 'सम्माक्का-सरक्का लिफ्ट सिंचाई योजना' के लिए जल्द से जल्द अनापत्ति प्रमाण पत्र जारी करने का आग्रह किया।
शहर के एक होटल में आगमन पर तेलंगाना के सिंचाई मंत्री उत्तम कुमार ने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री का औपचारिक स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने श्री साय और तेलंगाना सिंचाई विभाग के वरिष्ठ इंजीनियरिंग अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की। बैठक के दौरान मंत्री ने सम्माक्का-सरक्का लिफ्ट सिंचाई योजना की व्यापक समीक्षा की और उत्तरी तेलंगाना के किसानों को सिंचाई के पानी की सुरक्षा सुनिश्चित करने में इसके महत्व पर विशेष जोर दिया। उन्होंने तेलंगाना सरकार की ओर से औपचारिक प्रतिवेदन सौंपा। इसमें परियोजना के क्रियान्वयन में तेजी लाने के लिए छत्तीसगढ़ सरकार से आवश्यक मंजूरियां और एनओसी मांगी गयी है।
सिंचाई मंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि हजारों एकड़ भूमि को सुनिश्चित सिंचाई के दायरे में लाने और किसान समुदाय के लिए दीर्घकालिक लाभ सुनिश्चित करने के लिहाज से यह परियोजना बेहद महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि तेलंगाना सरकार इस परियोजना की प्रगति को गति देने के लिए सभी लंबित मंजूरियों को हासिल करने का प्रयास कर रही है और पड़ोसी राज्यों के साथ लगातार समन्वय बना रही है।
उत्तम कुमार ने छत्तीसगढ़ सरकार से तेलंगाना के इस अनुरोध पर सकारात्मक रुख अपनाने का आग्रह किया। उन्होंने इस पहल को बातचीत और सहयोग के माध्यम से अंतर-राज्यीय मुद्दों को हल करने के राज्य के व्यापक प्रयासों का एक हिस्सा बताया।
एक आधिकारिक बयान के अनुसार, श्री रेड्डी ने कहा कि तेलंगाना सरकार सिंचाई क्षेत्र को मजबूत करने और किसानों के लिए स्थायी जल सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने यह भी कहा कि सभी आवश्यक मंजूरियां हासिल करने और परियोजना को जल्द से जल्द पूरा करने के लिए हर संभव कदम उठाये जा रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित