वाराणसी , अगस्त 30 -- राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर वाराणसी के सम्पूर्णानन्द संस्कृत विश्वविद्यालय के क्रीड़ा विभाग की ओर से 29 और 30 अगस्त को बैडमिंटन एवं तीरंदाजी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।
कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा के संरक्षण में आयोजित प्रतियोगिताओं में छात्र-खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया और खेल-कौशल, अनुशासन, एकाग्रता तथा स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का परिचय दिया।
कुलपति ने विजेता एवं प्रतिभागी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि खेल शरीर को स्वस्थ रखने के साथ अनुशासन, आत्मविश्वास, एकाग्रता, धैर्य और संघर्षशीलता का संस्कार प्रदान करते हैं। विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में शिक्षा के साथ खेलों की भी महत्वपूर्ण भूमिका है।
छात्र कल्याण संकायाध्यक्ष प्रो. शैलेश कुमार मिश्र ने कहा कि खेल विद्यार्थियों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और टीम भावना विकसित करते हैं तथा उन्हें चुनौतियों का सामना करने के लिए तैयार करते हैं। प्रतियोगिता के परिणामों में बैडमिंटन में अंकित निषाद प्रथम, अंश सिंह द्वितीय और सत्यम पाण्डेय तृतीय रहे।
तीरंदाजी के रिकर्व राउंड में अक्षत सिंह ने प्रथम और सर्वेश कुमार ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया, जबकि कंपाउंड राउंड में अंश सिंह प्रथम रहे। इंडियन राउंड में महेश पटेल प्रथम, अंकित निषाद द्वितीय और निहाल चौहान तृतीय स्थान पर रहे।
क्रीड़ा प्रभारी एवं प्रतियोगिता संयोजक डॉ. कुप्पा बिल्वेश शर्मा ने बताया कि प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय के धनुर्विद्या प्रशिक्षक आदित्य कुमार का विशेष मार्गदर्शन रहा। उनके निर्देशन में खिलाड़ियों ने तीरंदाजी की तकनीक, एकाग्रता और लक्ष्य-साधना का प्रदर्शन किया। क्रीड़ा विभाग के समन्वय से सम्पन्न आयोजन में खिलाड़ियों में विशेष उत्साह देखा गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित