वाराणसी , मार्च 24 -- सम्पूर्णानन्द संस्कृत विश्वविद्यालय के सात विद्यार्थियों का बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) द्वारा आयोजित परीक्षा के माध्यम से 'सहायक संग्रहालयाध्यक्ष' पद पर चयन हुआ है। कुल 10 चयनित अभ्यर्थियों में से सात इसी विश्वविद्यालय के हैं।

चयनित विद्यार्थियों में शानु आनंद, सुजीत कुमार तिवारी, अमित रंजन, सुधा सिंह, सुमन कुमारी, दिलीप कुमार और विवेक शुक्ल शामिल हैं। ये सभी विद्यार्थी विश्वविद्यालय के पुरातत्व एवं संग्रहालय विज्ञान स्नातकोत्तर डिप्लोमा पाठ्यक्रम से जुड़े रहे हैं। इस उपलब्धि पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा ने सभी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता उनके परिश्रम, अनुशासन और समर्पण का परिणाम है। उन्होंने इसे पूरे विश्वविद्यालय परिवार के लिए गौरवपूर्ण क्षण बताते हुए अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक बताया।

कुलपति ने कहा कि विश्वविद्यालय विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और मार्गदर्शन देने के लिए प्रतिबद्ध है, जिससे वे प्रतियोगी परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर राष्ट्र निर्माण में योगदान दे सकें।

इस अवसर पर सामाजिक विज्ञान विभागाध्यक्ष प्रो. शैलेश कुमार मिश्र सहित अन्य शिक्षकों ने भी प्रसन्नता व्यक्त करते हुए चयनित विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने विश्वास जताया कि ये विद्यार्थी देश की सांस्कृतिक धरोहर के संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित