चंडीगढ़ , अप्रैल 28 -- हरियाणा विधान सभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने विधान सभा परिसर के बाहर तथाकथित समानांतर सत्र के नाम पर विधायकों को एकत्रित किये जाने के मामले को गंभीरता से लिया है।

इस संबंध में उन्होंने नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा को औपचारिक स्पष्टीकरण देने के लिए पत्र लिखा है।

साथ ही, विधान सभा सचिवालय ने इस पूरे प्रकरण पर प्रदेश सरकार के मुख्य सचिव से भी टिप्पणी मांगी है।

विधान सभा अध्यक्ष ने कहा कि यह कृत्य संसदीय परंपराओं के विपरीत है और इससे सदन की गरिमा एवं स्थापित प्रक्रियाओं पर प्रश्नचिह्न खड़ा होता है। उन्होंने नेता प्रतिपक्ष से पूछा है कि किन नियमों और संसदीय प्रथाओं के तहत इस प्रकार की गतिविधि की गयी।

पत्र में 27 अप्रैल को आयोजित विशेष सत्र को असंवैधानिक करार देने के आधार और नारी शक्ति वंदन अधिनियम के समर्थन में लाये गये प्रस्ताव को असंवैधानिक बताने के कारणों पर भी विस्तृत जवाब मांगा गयाहै। अध्यक्ष ने कहा कि विधान सभा की कार्यवाही संविधान और नियमों के अनुसार चलती है तथा किसी भी समानांतर गतिविधि से लोकतांत्रिक संस्थाओं की गरिमा प्रभावित होती है। उन्होंने जल्द स्पष्ट जवाब देने की अपेक्षा जतायी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित