सिरसा , जुलाई 13 -- हरियाणा के सिरसा से अतिरिक्त उपायुक्त अर्पित संगल ने सोमवार को स्थानीय लघु सचिवालय के सभागार में आयोजित समाधान शिविर में आमजन की शिकायतें सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनका शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। जिला स्तर के साथ-साथ उपमंडल स्तर पर भी समाधान शिविर आयोजित किये गये। जिला मुख्यालय पर आयोजित शिविर में कुल 18 शिकायतें प्राप्त हुईं।

अतिरिक्त उपायुक्त ने कहा कि समाधान शिविर आमजन की समस्याओं के त्वरित निवारण का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिये कि सभी शिकायतों का गंभीरता और प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध समाधान किया जाए, ताकि नागरिकों को जल्द राहत मिल सके।

उन्होंने कहा कि शिकायतों के निस्तारण के बाद सभी विभाग पोर्टल पर तत्काल एक्शन टेकन रिपोर्ट (एटीआर) अपलोड करना सुनिश्चित करें। इससे पारदर्शिता और जवाबदेही बनी रहेगी। उन्होंने विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न होने देने के निर्देश दिये।

श्री अर्पित संगल ने नागरिकों से अपील की कि वे प्रत्येक सोमवार और गुरुवार सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक जिला एवं उपमंडल स्तर पर आयोजित समाधान शिविर में पहुंचकर अपनी समस्याएं दर्ज करायें और उनका समाधान प्राप्त करें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित