भोपाल , मार्च 26 -- मध्यप्रदेश सरकार की समाधान योजना 2025-26 के दूसरे एवं अंतिम चरण में शामिल होने के लिए अब केवल पांच दिन शेष रह गए हैं। यह चरण 31 मार्च 2026 तक प्रभावी रहेगा, जिसके तहत उपभोक्ता सरचार्ज में छूट का लाभ उठा सकते हैं।

मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के प्रबंध संचालक ऋषि गर्ग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि तीन माह से अधिक के बकायादार उपभोक्ता योजना में शामिल होकर अपना बकाया बिल एकमुश्त जमा करें और 90 प्रतिशत तक सरचार्ज माफी का लाभ प्राप्त करें।

उन्होंने बताया कि अब तक 7 लाख 62 हजार 753 से अधिक उपभोक्ताओं ने योजना का लाभ लिया है। इस दौरान 701 करोड़ 91 लाख रुपये से अधिक की मूल राशि जमा हुई है, जबकि 301 करोड़ 22 लाख रुपये का सरचार्ज माफ किया गया है।

योजना के तहत उपभोक्ताओं को सरचार्ज में 70 से 90 प्रतिशत तक छूट दी जा रही है। वहीं एकमुश्त या किस्तों में भुगतान करने पर 50 से 60 प्रतिशत तक की अतिरिक्त राहत भी मिल रही है। यह योजना विशेष रूप से उन उपभोक्ताओं के लिए लाभकारी साबित हो रही है, जो सरचार्ज के कारण बकाया राशि जमा नहीं कर पा रहे थे।

योजना का उद्देश्य तीन माह से अधिक समय से लंबित बकाया पर विलंबित भुगतान अधिभार में राहत प्रदान करना है। उपभोक्ता पोर्टल, मोबाइल एप, कॉमन सर्विस सेंटर और एमपी ऑनलाइन के माध्यम से पंजीयन कर योजना का लाभ ले सकते है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित