जयपुर , अक्टूबर 20 -- राजस्थान में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मंगलवार को कहा कि विजयादशमी केवल रावण वध के स्मरण का अवसर नहीं, बल्कि समाज में व्याप्त बुराइयों एवं कुरीतियों को समाप्त करने का संकल्प लेने का पर्व हैभगवान श्रीराम के आदर्शों पर चलते हुए समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण के लिए कार्य करना ही वास्तविकता में रामराज्य की स्थापना का मार्ग है।

श्री शर्मा मंगलवार को जयपुर के आदर्श नगर में विजयादशमी के अवसर पर आयोजित रावण दहन महोत्सव को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम का जीवन लोककल्याण, मर्यादा, आदर्शों और सनातन संस्कृति की रक्षा का अनुपम उदाहरण है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और धार्मिक स्थलों के विकास के लिए निरंतर काम कर रही है। विभिन्न मंदिरों के विकास एवं पुनर्निर्माण, संतों और लोक परंपराओं से जुड़े स्थलों पर पैनोरमा निर्माण तथा राजकीय मंदिरों में वर्षभर उत्सवों एवं महोत्सवों के आयोजन जैसे प्रयासों से हमारी सांस्कृतिक पहचान को नई मजबूती मिली है।

उन्होंने श्रीराम मंदिर में राम दरबार के दर्शन और पूजा-अर्चना कर प्रदेश की खुशहाली और सुख-समृद्धि की कामना की। इस अवसर पर सांसद मंजू शर्मा, विधायक कालीचरण सराफ, महापौर सुनील कोठारी, पूर्व विधायक अशोक परनामी सहित आयोजन समिति के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में आमजन मौजूद थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित