पटना , मई 08 -- बिहार सरकार में नवनियुक्त समाज कल्याण मंत्री डॉ. श्वेता गुप्ता ने शुक्रवार को कहा कि समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े वंचित, असहाय, गरीब, दिव्यांग एवं पिछड़े वर्ग के लोगों तक कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाया जायेगा।
मंत्री डॉ. श्वेता गुप्ता ने आज विभाग का पदभार ग्रहण किया। पदभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने विभागीय अधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक कर विभाग की ओर से संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति एवं कार्यान्वयन की स्थिति की जानकारी प्राप्त की।
मंत्री डॉ. श्वेता गुप्ता ने कहा कि समाज कल्याण विभाग का मूल उद्देश्य समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े वंचित, असहाय, गरीब, दिव्यांग एवं पिछड़े वर्ग के लोगों तक योजनाओं का लाभ प्रभावी ढंग से पहुंचाना है। उन्होंने निर्देश दिए कि विभागीय योजनाओं का क्रियान्वयन पारदर्शी, समयबद्ध एवं जवाबदेह तरीके से सुनिश्चित किया जाए, जिससे प्रत्येक पात्र लाभुक को योजनाओं का वास्तविक लाभ प्राप्त हो सके।
मंत्री ने विशेष रूप से महिलाओं, बच्चों, विधवाओं, वृद्धजनों एवं दिव्यांगजनों के कल्याण को विभाग की प्राथमिकता बताते हुए कहा कि इन वर्गों के लिए संचालित योजनाओं को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि महिलाओं के आर्थिक स्वावलंबन, बाल विकास, पोषण, शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिये नवीन पहलें की जाएंगी। साथ ही योजनाओं की नियमित निगरानी एवं समीक्षा को और अधिक सशक्त बनाया जाएगा तथा फील्ड स्तर पर बेहतर समन्वय स्थापित करने पर बल दिया जाएगा।
इस अवसर पर समाज कल्याण विभाग के सचिव डॉ. चंद्रशेखर सिंह, सामाजिक सुरक्षा निदेशालय के निदेशक धर्मेंद्र कुमार तथा आईसीडीएस एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण निदेशालय के निदेशक योगेश कुमार सागर सहित विभाग के अन्य वरिष्ठ पदाधिकारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर मंत्री डॉ. श्वेता गुप्ता का स्वागत किया। मंत्री ने विभागीय कार्यालय का भ्रमण कर कर्मचारियों से संवाद भी किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित