पटना , मई 11 -- बिहार के कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने सोमवार को कहा कि "सबका सम्मान-जीवन आसान" के लक्ष्य के साथ डबल इंजन सरकार ने सहयोग शिविर, उससे संबंधित पोर्टल और हेल्पलाइन नंबर की सुविधा देकर राज्य के आम लोगों को सुलभता और सशक्तिकरण उपलब्ध कराया है।
श्री सिन्हा ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी द्वारा सहयोग पोर्टल और हेल्पलाइन नंबर के लोकार्पण की सराहना करते हुए कहा कि यह पहल प्रधानमंत्री के "नागरिक देवो भव" के मूलमंत्र को धरातल पर साकार करेगी। उन्होंने कहा कि इससे आम लोगों की समस्याओं का समाधान होने के साथ ही जवाबदेह और पारदर्शी लोकसेवा का एक प्रभावी तंत्र विकसित होगा।उन्होंने कहा कि आम जनता की आशाओं, अपेक्षाओं और शिकायतों के नियमसम्मत निष्पादन के लिए पूर्व में लोकसेवा अधिकार और लोक शिकायत अधिनियम जैसे प्रावधान राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार द्वारा लागू किए गए थे,लेकिन प्रशासनिक व्यवस्था में लगातार हो रहे नवाचारों को देखते हुए जनसमस्याओं के समयबद्ध एवं पारदर्शी निष्पादन और अनुश्रवण की आवश्यकता बढ़ गई थी।
कृषि मंत्री ने कहा कि इसी को ध्यान में रखते हुए पंचायत स्तर से लेकर राज्य मुख्यालय तक प्रशासन और पुलिस अधिकारियों को समयबद्ध कार्य निष्पादन की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्होंने कहा कि इस पूरी व्यवस्था की मॉनिटरिंग स्वयं मुख्यमंत्री करेंगे।
श्री सिन्हा ने कहा कि लोक प्रशासन में तकनीक की भूमिका आज बेहद महत्वपूर्ण हो गई है, इसे ध्यान में रखते हुए सहयोग पोर्टल और केंद्रीकृत डैशबोर्ड तैयार किया गया है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस पहल से 30 दिनों की समयसीमा के भीतर जनसमस्याओं का समाधान सुनिश्चित होगा, साथ ही समस्याओं के समाधान में आ रही बाधाओं की सटीक पहचान कर लक्षित समाधान भी किया जा सकेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित