समस्तीपुर, अक्टूबर 24 -- बिहार में समस्तीपुर जिले के सरायरंजन थाना क्षेत्र में होटल मालिक को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस उपाधीक्षक (सदर) सतीश सुमन ने शनिवार को यहां बताया कि दोनों आरोपियों को घटना के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार किया गया। उन्होंने बताया कि 22 अक्टूबर की रात जिले के सरायरंजन थाना क्षेत्र स्थित राज दरबार होटल के मालिक को अपराधकर्मियों ने गोली मारकर घायल कर दिया था। घायल होटल मालिक की पहचान हलई थाना क्षेत्र के बनबीरा निवासी अभिनंदन कुमार राय के रूप में की गई है।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस निरीक्षक मुफस्सिल अंचल के नेतृत्व में विशेष अनुसंधान टीम (एसआईटी) का गठन किया गया था। टीम ने मामले के उद्भेदन और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की। इसी क्रम में पुलिस ने घटना में शामिल दो आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जिले के सरायरंजन थाना क्षेत्र के किशनपुर यूसुफ निवासी केशव झा तथा झखड़ा निवासी निशांत राज के रूप में की गई है।पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित