समस्तीपुर , सितंबर 19 -- बिहार में समस्तीपुर जिले के हसनपुर थाना क्षेत्र के केशरोरा गांव में शुक्रवार देर रात बदमाशों ने दरवाजे पर सो रहे 52 वर्षीय ग्रामीण चिकित्सक गुलजार उर्फ शाहिन की गोली मारकर हत्या कर दी।

पुलिस सूत्रों ने आज यहां बताया कि केशरोरा गांव के वार्ड संख्या-13 निवासी गुलजार उर्फ शाहिन अपने घर के दरवाजे पर सो रहे थे। इसी दौरान वहां पहुंचे बदमाशों ने उनके सिर में तीन गोलियां मार दीं। गोली लगने से उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गयी।

घटना की सूचना मिलते ही रोसड़ा के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (डीएसपी) संजय कुमार सिन्हा, हसनपुर थानाध्यक्ष सुनील कांत और पुलिस की विशेष टीम मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल की जांच की। पुलिस ने घटनास्थल से तीन खोखे बरामद किये हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित