समस्तीपुर, मार्च 18 -- िहार के समस्तीपुर जिले में रसोई गैस की कालाबाजारी को रोकने के लिये एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया है।
समस्तीपुर के अनुमंडल पदाधिकारी दिलीप कुमार ने बुधवार को यहां बताया कि जिले में कुल 20 गैस वितरक हैं। उन्होंने बताया कि जिले में प्रतिदिन करीब 20 हजार 417 गैस सिलेंडर की खपत है, जबकि एजेंसियों को करीब 16 हजार 200 सिलेंडर ही उपलब्ध हो पा रहा हैं। इस कारण लगभग 45 हजार उपभोक्ताओं को सिलेंडर के लिए इंतजार करना पड़ रहा है, फिर भी बुकिंग के बाद उपभोक्ताओं को तीन से चार दिनों के अंदर गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जा रहा है।
श्री कुमार ने सभी गैस वितरकों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि गोदाम से सीधे किसी भी उपभोक्ता को सिलेंडर नहीं दिया जाए। सभी उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडरों की आपूर्ति केवल होम डिलीवरी के माध्यम से ही किया जायेगा।
अनुमंडल पदाधिकारी ने उपभोक्ताओं से केवाईसी प्रक्रिया पूरी करने की अपील की, जिससे समय पर उन्हें गैस की आपूर्ति की जा सके।
जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा के निर्देश पर गैस की कालाबाजारी रोकने के उद्देश्य से जिले मे लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित