हाजीपुर , जून 20 -- समस्तीपुर मंडल की 'मंडल संसदीय समिति' की बैठक का आयोजन महेन्द्रूघाट, पटना स्थित सभाकक्ष में किया गया । इस बैठक में समस्तीपुर मंडल क्षेत्राधिकार के सांसदगण ने भाग लिया । बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्रीरामनाथ ठाकुर द्वारा की गयी । सभी सांसदगण द्वारा जनहित से जुड़े मुद्दे एवं रेल के सर्वांगीण विकास हेतु अपने-अपने सुझावों को रखा गया । इस अवसर पर पूर्व मध्य रेल के महाप्रबंधक छत्रसाल सिंह, समस्तीपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक ज्योति प्रकाश मिश्रा सहित मुख्यालय एवं मंडल के अधिकारीगण उपस्थित थे ।
आज की इस बैठक में केंद्रीय जल शक्ति राज्य मंत्री राज भूषण चौधरी, राज्य सभा के सांसद प्रो. मनोज कुमार झा, सांसद संजय कुमार झा, सांसद अखिलेश प्रसाद सिंह, सासंद श्रीमती धर्मशिला गुप्ता एवं पूर्णिया के सासंद राजेश रंजन, मधेपुरा के सासंद दिनेश चंद्र यादव, दरभंगा के सांसद गोपाल जी ठाकुर, झंझारपुर के सांसद रामप्रीत मंडल, सुपौल के सांसद श्री दिलेशवर कामैत, मधुबनी के सांसद अशोक कुमार यादव, सीतामढ़ी के सांसद देवेश चन्द्र ठाकुर, वाल्मिकीनगर के सांसद सुनील कुमार, अररिया के सांसद प्रदीप कुमार सिंह, शिवहर की सांसद श्रीमती लवली आनंद, वैशाली की सासंद श्रीमती वीणा देवी एवं समस्तीपुर की सांसद श्रीमती शांभवी उपस्थित थीं ।
इनके अलावा केन्द्रीय वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह के प्रतिनिधि कृष्ण मोहन पप्पु, केन्द्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय के प्रतिनिधि तरूण कुमार, केन्द्रीय खान एवं कोयला राज्य मंत्री सतीश चन्द्र दुबे के प्रतिनिधि रंजीत कुमार चौबे, सांसद डॉ. संजय जायसवाल के प्रतिनिधि अखिलेश्वर सिंह, सांसद राजेश वर्मा के प्रतिनिधि विद्यानाथ झा, सांसद डॉ. फैयाज अहमद के प्रतिनिधि विष्णुदेव सिंह यादव उपस्थित थे ।
बैठक में सांसदगण ने रेल विकास व यात्री सुविधाओं में और वृद्धि एवं उसे सुदृढ़ करने के संबंध में बहुमूल्य सुझाव दिये। माननीय सांसदगण द्वारा आधारभूत के विकास से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने पर बल दिया गया । साथ ही बैठक में भविष्य की कार्य योजनाओं पर भी चर्चा हुई ।
इसके पूर्व बैठक के प्रारंभ में महाप्रबंधक श्री छत्रसाल सिंह ने सांसदगण एवं सांसद के प्रतिनिधिगण का स्वागत किया । महाप्रबन्धक ने अपने स्वागत संबोधन में कहा कि समस्तीपुर मंडल द्वारा यात्री सुविधा की दिशा में कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। छठ के दौरान देश के विभिन्न शहरों से आए यात्रियों की सुविधा के लिये समस्तीपुर मंडल द्वारा 197 अतिरिक्त स्पेशल ट्रेनें चलाई गयीं । साथ ही, यात्रियों को किफायती, सुरक्षित एवं आरामदायक लंबी दूरी की यात्रा प्रदान करने के उद्देश्य से विगत वर्षों में 08 अमृत भारत, 02 वंदे भारत तथा 01 नमो भारत ट्रेन का परिचालन किया गया है जो या तो समस्तीपुर मंडल से प्रारंभ होती है अथवा मंडल से होकर गुजरती है । वर्तमान मे समस्तीपुर मंडल के अंतर्गत 246 जोड़ी मेल/एक्सप्रेस, 130 जोड़ी पैसेंजर ट्रेनों तथा 68 जोड़ी स्पेशल ट्रेनों का परिचालन किया जा रहा है।
दैनिक रेलयात्रियों को अनारक्षित टिकट सुगमता से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 13 प्रमुख स्टेशनों पर 38 ऑटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीनें कार्यरत हैं। समस्तीपुर मंडल के कुल 40 स्टेशनों पर वन स्टेशन वन प्रोडक्ट के स्टॉल लगाये गये हैं। इनसे एक ओर जहां इन क्षेत्रों का विकास होगा वहीं दूसरी ओर लोगों को रोजगार भी मिलेगा। समस्तीपुर मंडल में अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चयनित 22 स्टेशनों पर दीर्घकालिक दृष्टिकोण से विकास कार्य प्रगति पर है ।
महाप्रबन्धक ने सांसदों से प्राप्त बहुमूल्य सुझावों के लिये आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सुझाव हमें भविष्य में रेल विकास कार्यों की रूप-रेखा तय करने में काफी सहायक सिद्ध होगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित