समस्तीपुर , अगस्त 06 -- यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेलवे ने समस्तीपुर मंडल के सुपौल और नई दिल्ली के बीच दैनिक स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। यह ट्रेन मंडल के सहरसा, मानसी, खगड़िया, बरौनी, शाहपुर पटोरी और हाजीपुर समेत कई प्रमुख स्टेशनों से होकर गुजरेगी।
रेलवे के आधिकारिक सूत्रों ने आज यहां बताया कि गाड़ी संख्या 04072/04071 नई दिल्ली-सुपौल-नई दिल्ली स्पेशल का परिचालन गुरुवार 06 अगस्त से 02 अक्टूबर 2026 तक किया जाएगा। इस ट्रेन में तृतीय वातानुकूलित श्रेणी के तीन, शयनयान श्रेणी के आठ, सामान्य श्रेणी के चार तथा एसएलआरडी के दो कोच सहित कुल 16 कोच होगें।
गाड़ी संख्या 04072 नई दिल्ली-सुपौल स्पेशल 06 अगस्त से 30 सितंबर 2026 तक प्रतिदिन रात 9:35 बजे नई दिल्ली से रवाना होगी। यह ट्रेन सोनपुर, हाजीपुर और शाहपुर पटोरी होते हुए बरौनी, बेगूसराय, खगड़िया, मानसी, सिमरी बख्तियारपुर और सहरसा में ठहरते हुए सुबह 6:35 बजे सुपौल पहुंचेगी।
वापसी में 04071 सुपौल-नई दिल्ली स्पेशल 08 अगस्त से 02 अक्टूबर 2026 तक प्रतिदिन सुबह 7:45 बजे सुपौल से प्रस्थान करेगी। यह सहरसा, सिमरी बख्तियारपुर, मानसी, खगड़िया, बेगूसराय, बरौनी, शाहपुर पटोरी, हाजीपुर और सोनपुर सहित विभिन्न स्टेशनों पर ठहराव के बाद अगले दिन अपराह्न 3:00 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी। इस स्पेशल ट्रेन के परिचालन से कोशी समेत उत्तर बिहार के यात्रियों को दिल्ली आने-जाने में काफी सुविधा मिलेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित