समस्तीपुर , जुलाई 03 -- ूर्वी परिमंडल, कोलकाता के संरक्षा आयुक्त (रेलवे) गुरु प्रकाश ने शुक्रवार को समस्तीपुर मंडल के नवनिर्मित 9.848 किलोमीटर लंबे बेतिया- मझौलिया रेल खंड का मोटर ट्रॉली से निरीक्षण किया।पूर्व मध्य रेल की दोहरीकरण परियोजना के अंतर्गत आज 9.848 किलोमीटर लंबे बेतिया से मझौलिया रेल खंड का दोहरीकरण के बाद संरक्षा आयुक्त द्वारा निरीक्षण किया गया।

इस दौरान संरक्षा आयुक्त ने इस रेल खंड के सभी पुल, पुलियों, पॉइंट्स, सिग्नलिंग, पैनल रूम और समपार फाटकों की भी गहन जांच की और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिये।

मोटर ट्रॉली निरीक्षण के बाद रेल संरक्षा आयुक्त द्वारा बेतिया से मझौलिया स्टेशनों के बीच विशेष ट्रेन द्वारा 120 किलोमीटर की गति से सफलतापूर्वक स्पीड ट्रायल भी किया गया । स्पीड ट्रायल के दौरान रेल लाइन की संरक्षा एवं परिचालन संबंधी विभिन्न मानकों का परीक्षण किया गया।

इस अवसर पर समस्तीपुर रेल मंडल के मंडल रेल प्रबंधक ज्योति प्रकाश मिश्रा समेत अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित