समस्तीपुर, 02अगस्त(वार्ता) बिहार के समस्तीपुर में रविवार को 'नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान' के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्चुअल संबोधन का लाइव प्रसारण जिले के 27 शिक्षण संस्थानों में आयोजित किया गया।समस्तीपुर शहर के आरएसबी इंटर विद्यालय में भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के तत्वावधान में आयोजित मुख्य समारोह आयोजित की गई,जिसमें भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधान पार्षद डॉ. तरुण कुमार, भाजपा विधायक वीरेंद्र पासवान, जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा और पुलिस अधीक्षक अरविंद प्रताप सिंह ने भाग लिया।
प्रधानमंत्री श्री मोदी ने इस अवसर पर अपने संबोधन में युवाओं से नशे जैसी सामाजिक बुराईयों से दूर रहने, स्वस्थ एवं अनुशासित जीवनशैली अपनाने तथा 'विकसित भारत-2047' के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
प्रधानमंत्री के संबोधन के बाद जिलाधिकारी रौशन कुशवाहा ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि नशामुक्त समाज का निर्माण केवल सरकारी प्रयासों से संभव नहीं है बल्कि परिवार, विद्यालय, समाज और युवाओं की सामूहिक भागीदारी से ही संभव है। उन्होंने युवाओं से शिक्षा, खेल, कौशल विकास और राष्ट्र निर्माण की दिशा में अपनी ऊर्जा लगाने का आह्वान किया।
इस कार्यक्रम में जिला कार्यक्रम पदाधिकारी शुभम कसौधन, माई भारत की सहायक निदेशक सह जिला युवा पदाधिकारी विजेता मजूमदार, आरएसबी इंटर विद्यालय के प्रधानाध्यापक ललित घोष, भारत स्काउट एवं गाइड के जिला संगठन आयुक्त चितरंजन कुमार राय सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित