समस्तीपुर, जुलाई 22 -- बिहार के समस्तीपुर जिले के खानपुर थाना क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध चकोटी मठ मंदिर से पिछले दिन चोरी हुई लाखो रुपये मूल्य की छह प्राचीन मूर्तियां पुलिस ने बुधवार को बरामद कर तीन अंतरजिला मूर्ति तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक अरबिंद प्रताप सिंह ने आज यहां बताया कि 12 जुलाई की रात जिले के प्रसिद्ध चकोटी मठ के गर्भगृह से भगवान की मूर्तियां एवं अन्य पूजा सामग्री चोरी कर ली गई थी। इस संबंध में मंदिर के पुजारी महंत राम सेवक दास शास्त्री के आवेदन पर खानपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। उन्होंने बताया कि घटना के उद्भेदन के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सदर-2) संजय कुमार के नेतृत्व में विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया था। उन्होंने बताया कि तकनीकी सूचना के आधार पर पुलिस ने समस्तीपुर जिले के विभूतिपुर थाना क्षेत्र के सिंघियाघाट में छापेमारी कर मूर्ति चोर नंद किशोर महतो, छोटू कुमार एवं गुड्डू कुमार को गिरफ्तार किया गया। उनकी निशानदेही पर विभिन्न ठिकानों पर छापेमारी कर पुलिस ने मठ से चोरी की गई श्री राम लला, श्रीराम, माता जानकी, लड्डू गोपाल, श्रीहनुमान तथा श्रीलक्ष्मण की मूर्तियां बरामद की।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों ने समस्तीपुर जिले के कर्पूरीग्राम, हसनपुर, खानपुर तथा दरभंगा जिले के बहेड़ी एवं बिरौल थाना क्षेत्रों के कई मंदिरों में चोरी की घटनाओं में संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस ने गिरफ्तार अपराधियों की निशानदेही पर पीतल की घंटियां, पूजा सामग्री, पीतल के बर्तन समेत अन्य चोरी का सामान भी बरामद किया है। गिरफ्तार अपराधियों के विरुद्ध समस्तीपुर, बेगूसराय और सीतामढ़ी जिलों में डकैती, चोरी सहित अन्य आपराधिक मामले दर्ज हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित