समस्तीपुर , मई 22 -- बिहार में समस्तीपुर जिले के इशांत राज ने बिहार राज्य जूनियर (अंडर-17) चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए एकल एवं युगल फाइनल जीत कर दोहरा खिताब जीता है। इशांत ने पहली बार राज्य जूनियर बैडमिंटन चैंपियनशिप का खिताब जीता है। समस्तीपुर जिला बैडमिंटन संघ के सचिव तरुण कुमार ने आज यहां बताया कि पूर्णियां में आयोजित पांच दिवसीय बिहार राज्य जूनियर (अंडर-17) बैडमिंटन चैंपियनशिप के एकल मुकाबले के फाइनल मैच में इशांत राज ने मुजफ्फरपुर के काव्य कश्यप को 21-16, 11-21 एवं 21-18 से पराजित किया। वहीं युगल मुकाबले के फाइनल में इशांत ने अपने जोड़ीदार काव्य कश्यप के साथ खेलते हुए मधुबनी के उदयन ठाकुर एवं पीयूष आर्यन की जोड़ी को सीधे सेटों में 21-15 एवं 21-15 से पराजित कर दोहरा खिताब हासिल किया।

इशांत के शानदार उपलब्धि पर समस्तीपुर जिला बैडमिंटन संघ के अध्यक्ष पंकज ज्योति, कोच सह कोषाध्यक्ष नवीन कुमार, उपाध्यक्ष मुकेश कुमार सिंह, संयुक्त सचिव नीलेश कुमार सहित खेल प्रेमियों ने इशांत को बधाई दी है ।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित