समस्तीपुर , मई 01 -- बिहार में समस्तीपुर जिले के नगर थाना क्षेत्र के बहादुरपुर मुहल्ला स्थित एक व्यवसायी के यहां हुई लूटकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए इस मामले मे अंतरजिला अपराधी गिरोह के तीन अपराधियों को हथियार के साथ गिरफ्तार किया है।
अपर पुलिस अधीक्षक संजय कुमार पाण्डेय ने शुक्रवार को यहां बताया कि नगर थानाध्यक्ष अजीत कुमार को सूचना मिली थी कि शहर के एक ठिकाने पर कुछ अपराधी एक आपराधिक घटना को अंजाम देने के लिए जुटे है। इसके बाद पुलिस टीम ने उक्त ठिकाने पर छापेमारी की और वहां से कुख्यात अपराधी जितेंद्र कुमार, मो.दानिश एवं शुभम कुमार को गिरफ्तार किया, जबकि एक कुख्यात अपराधी फरार हो गया। वह हाल ही में जेल से जमानत पर छूटा था। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार अपराधियों के पास से दो पिस्तौल, कारतूस और तीन मोबाईल बरामद किये गये हैं।
श्री पाण्डेय ने बताया कि गिरफ्तार अपराधियों ने समस्तीपुर शहर के बहादुरपुर स्थित बाबुल इंटरप्राइजेज में नौ मार्च 26 को हुई लूट की घटना मे शामिल होने की बात स्वीकार की है। लूटकांड का कारण जमीनी कारोबार का विवाद है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित