समस्तीपुर , जुलाई 25 -- िहार के समस्तीपुर जिले के वैनी ओपी थाना क्षेत्र में छात्रा हत्याकांड के मामले में पुलिस ने 25 हजार रुपये के इनामी मुख्य शूटर बबलू कुमार को गिरफ्तार कर लिया है।पुलिस अधीक्षक अरबिंद प्रताप सिंह ने शनिवार को यहां बताया कि पिछले 20 जुलाई को जिले के वैनी थाना क्षेत्र के कैजिया विष्णुपुर गांव में स्कूल जा रही छात्रा सुमन कुमारी की दिन-दहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। उन्होंने बताया कि इस घटना को गंभीरता से लेते हुए कांड के मुख्य आरोपी बबलू कुमार की गिरफ्तारी के लिए अपर पुलिस अधीक्षक संजय कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया था। उन्होंने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए उस पर 25 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि तकनीकी अनुसंधान एवं मानवीय सूचना के आधार पर एसआईटी टीम ने समस्तीपुर जिले के एक ठिकाने पर छापेमारी कर मुख्य नामजद आरोपी बबलू कुमार को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार इनामी आरोपी जिले के वैनी थाना के चांदटोली का रहने वाला है। इस छापेमारी में पुलिस ने एक मोबाइल फोन, चार फायर खोखा बरामद किया है। छात्रा की हत्या का कारण प्रेम-प्रसंग बताया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित