वाराणसी , मई 23 -- जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने निर्माणाधीन परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए कार्यदायी संस्थाओं के परियोजना प्रबंधकों को निर्देश दिया कि वे विशेष रुचि लेकर लंबित परियोजनाओं का कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा कराएं। जिलाधिकारी की अध्यक्षता में शनिवार को विकास भवन सभागार में पूर्वांचल विकास निधि राज्यांश/जिलांश, क्रिटिकल गैप्स योजना तथा त्वरित आर्थिक विकास योजना से संबंधित निर्माण कार्यों की अद्यतन प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने सीएमआईएस पोर्टल पर समय सीमा से विलंबित परियोजनाओं की कार्यदायी संस्थावार गहन समीक्षा की। उन्होंने विलंबित परियोजनाओं में स्वीकृत एवं अवमुक्त धनराशि के सापेक्ष भौतिक प्रगति की भी जानकारी ली।
सत्येंद्र कुमार ने परियोजना प्रबंधकों से कहा कि निर्माण कार्यों को शीघ्र पूरा कराने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं और कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने परियोजनाओं के लिए भूमि उपलब्ध न होने तथा टेंडर प्रक्रिया में देरी को लेकर यूपी सिडको के अधिशासी अभियंता पर नाराजगी जताई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि किसी भी परियोजना में यदि कोई बाधा आती है तो उसकी जानकारी तत्काल उन्हें दी जाए, ताकि समस्या का शीघ्र समाधान कराया जा सके।
उन्होंने लंबित प्रकरणों के निस्तारण के लिए संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर अलग से बैठक आयोजित करने के निर्देश भी दिए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी प्रखर कुमार सिंह, लोक निर्माण विभाग (निर्माण एवं प्रांतीय खंड), सीएंडडीएस, ग्रामीण अभियंत्रण विभाग, यूपी सिडको, यूपीपीसीएल, यूपी एग्रो, बिजली विभाग, नगर निगम तथा विभिन्न निर्माण एजेंसियों के परियोजना प्रबंधक एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित