बैतूल , जून 03 -- मध्यप्रदेश में नगर पालिका परिषद बैतूल में कार्यालयीन अनुशासन को लेकर मुख्य नगर पालिका अधिकारी नवनीत पाण्डेय ने औचक निरीक्षण के दौरान अनुपस्थित पाए गए 48 अधिकारियों और कर्मचारियों का एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए हैं।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री पाण्डेय ने आज सुबह नगर पालिका कार्यालय की विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई शाखाओं में निर्धारित समय तक ताले लगे मिले तथा 48 अधिकारी और कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए।

उन्होंने इसे कार्यालयीन अनुशासनहीनता और पदीय दायित्वों के प्रति लापरवाही बताते हुए कहा कि नगर पालिका कार्यालय में प्रतिदिन बड़ी संख्या में नागरिक विभिन्न कार्यों के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में कर्मचारियों की समय पर उपस्थिति आवश्यक है, ताकि आमजन को त्वरित और बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने सहायक लेखा अधिकारी एवं स्थापना प्रभारी को निर्देश दिए कि अनुपस्थित पाए गए सभी अधिकारियों और कर्मचारियों के एक दिन के वेतन की कटौती की कार्रवाई तत्काल प्रभाव से सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने चेतावनी दी कि भविष्य में इस प्रकार की लापरवाही दोहराए जाने पर संबंधित कर्मचारियों के विरुद्ध और कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। नगर पालिका प्रशासन के अनुसार कार्यालयों में समयबद्ध उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए आगे भी नियमित निरीक्षण जारी रहेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित