बैतूल , जून 15 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में रेलवे ट्रैक पार करते समय समता एक्सप्रेस की चपेट में आने से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना में उसके दोनों पैर कट गए। प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए भोपाल रेफर किया गया है।

जीआरपी सूत्रों के अनुसार घायल की पहचान रामनगर निवासी हेमंत (35) पुत्र हीरा के रूप में हुई है। वह शहर में फुटपाथ पर चश्मे और बेल्ट बेचकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हेमंत रेलवे ट्रैक पार कर रहा था, तभी वहां से गुजर रही समता एक्सप्रेस की चपेट में आ गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि उसके दोनों पैर कट गए और वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही जीआरपी और स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची तथा घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे भोपाल रेफर कर दिया।

जीआरपी चौकी प्रभारी रविश कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में युवक के नशे की हालत में होने की बात सामने आई है, हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।

पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही दुर्घटना के सटीक कारण स्पष्ट हो सकेंगे। रेलवे प्रशासन और पुलिस ने नागरिकों से रेलवे ट्रैक पार करते समय विशेष सावधानी बरतने तथा निर्धारित रेलवे फाटक और पैदल उपरिगामी पुल का उपयोग करने की अपील की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित