देहरादून , जुलाई 28 -- उत्तराखंड के मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन की अध्यक्षता में मंगलवार को सचिवालय में सचिव समिति की बैठक हुयी। इसमें उन्होंने ने उपनल कर्मियों और विभागों के मध्य होने वाले कांट्रैक्ट के मुद्दे पर विभागों द्वारा गंभीरता से कार्य किए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विभागाध्यक्ष अगले 3 दिनों में अपने विभाग के अंतर्गत उपनल कर्मियों के मध्य कांट्रैक्ट कराना सुनिश्चित करें।
मुख्य सचिव ने कहा कि यदि कोई विभाग अपनल कर्मियों के साथ अगले 3 दिन में कांट्रैक्ट नहीं किए जाने की दशा में विभागाध्यक्ष को प्रतिकूल प्रविष्टि दी जाएगी। उन्होंने विभागों द्वारा अपने कर्मचारियों के प्रमोशन एवं एसीआर से सम्बन्धित कार्यों को भी समय से पूर्ण कराये जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रमोशन को लेकर पूर्व में जारी शासनादेश का शत प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने इसके साथ ही 30 जून, 2027 तक प्रमोशन के पात्र कर्मचारियों के प्रमोशन की प्रक्रिया अगले एक माह में शुरू किए जाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने सभी विभागों द्वारा अपने अधीन कर्मियों की एसीआर पूर्ण किए जाने की बात कही। कहा कि एसीआर बैच क्रिएशन का कार्य तत्काल पूर्ण करते हुए, आगे की प्रक्रिया शीघ्र शुरू की जाए एवं निर्धारित समय सीमा के अंतर्गत एसीआर प्रक्रिया पूर्ण की जाए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित