रांची , जुलाई 17 -- झारखंड के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने कहा कि राज्य में बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर लगभग 97% मतदाताओं को इन्यूमरेशन फॉर्म उपलब्ध कराने का कार्य समय पर पूरा कर लिया गया है।

अब केवल वही मतदाता शेष बचे हैं जो एएसडीडीएफ सूची के अंतर्गत आ सकते हैं, मतदान केंद्र क्षेत्र से दूर रहने के कारण फॉर्म जमा नहीं कर पाए हैं, या किसी अन्य कारणवश जिन्हें अब तक फॉर्म प्राप्त नहीं हुआ है। उन्होंने राज्य के सभी पात्र मतदाताओं से विशेष अनुरोध किया है कि वे जल्द से जल्द अपने संबंधित बीएलओ से संपर्क कर अपना भरा हुआ और हस्ताक्षरित इन्यूमरेशन फॉर्म हर हाल में वापस जमा कर दें, ताकि इनके डिजिटाइजेशन का कार्य ससमय पूरा किया जा सके।

श्री कुमार ने कहा कि इन्यूमरेशन फॉर्म को ससमय भरकर जमा करने से यदि फॉर्म भरने में किसी प्रकार की त्रुटि होती है, तो बीएलओ इसे सुधारने में समय रहते आपकी सहायता कर सकेंगे। इसके साथ-साथ एएसडीडीएफ सूची को भी मूर्त देने में सहायता प्राप्त होगी।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि 18 एवं 20 जुलाई को शहरी मतदाताओं की सहायता हेतु शहरी क्षेत्र के मतदान केंद्रों पर विशेष कैंप लगाए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि आगामी 22 जुलाई 2026 को सभी मतदान केंद्रों पर बीएलओ एवं मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के बीएलए-2 की इन्यूमरेशन फेज के दौरान तीसरी और अंतिम बैठक निर्धारित की गई है। इस बैठक में बीएलओ और बीएलए-2 मिलकर एएसडीडी सूची को अंतिम रूप देंगे, जिसका प्रकाशन 5 अगस्त को मतदाता सूची के ड्राफ्ट पब्लिकेशन के साथ किया जाएगा।

फॉर्म समय पर जमा होने से एसआईआर के इन्यूमरेशन फेज से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण कार्य जैसे-फॉर्म का डिजिटाइजेशन, मतदान केंद्र के अनुसार रेशनलाईजेशन (जिससे एक ही परिवार के सभी सदस्य एक ही मतदान केंद्र पर सूचीबद्ध हो सकें), प्राप्त जानकारियों का सत्यापन और एएसडीडी सूची का अंतिम प्रकाशन समय पर सुनिश्चित किया जा सकेगा।

वैसे मतदाता जिन्हें अभी तक इन्यूमरेशन फॉर्म प्राप्त नहीं हुआ है, वे नागरिक आधिकारिक वोटर्स सर्विस पोर्टल (voters.eci.gov.in) पर जाकर या अपने एंड्रॉइड/आईओइस डिवाइस पर इसीनेट ऐप डाउनलोड करके इसे भर सकते हैं।

इसीनेट ऐप के माध्यम से ऑनलाइन फॉर्म भरने के लिए मतदाताओं को ऐप ओपन कर 'वोटर रजिस्ट्रेशन फॉर्म' मेनू में जाना होगा और 'एसआईआर 2026 फिल ईन्यूमरेशन फॉर्म ऑन लाइन' पर क्लिक करना होगा। इसके बाद अपने मोबाइल नंबर और ओटीपी के जरिए लॉगिन करके, अपना मतदाता पहचान पत्र क्रमांक दर्ज करना होगा और राज्य का चयन करना होगा।

स्क्रीन पर आंशिक रूप से भरा हुआ फॉर्म दिखाई देगा, जिसमें अन्य सभी जरूरी जानकारियां भरकर और फोटो अपडेट करके प्रक्रिया को आगे बढ़ाना होगा। अंत में, प्रमाणीकरण के लिए ओटीपी आधारित ई-साइन के माध्यम से इसे सत्यापित करना होगा, जिसके बाद पंजीकृत मोबाइल नंबर पर कंफर्मेशन का मैसेज आ जाएगा। इस प्रक्रिया को पूर्ण करने वाले सभी मतदाताओं के नाम 5 अगस्त 2026 को मतदाता सूची के ड्राफ्ट पब्लिकेशन में प्रकाशित किए जाएंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित