रॉंची , जुलाई 05 -- झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी ने कांग्रेस भवन, रॉंची में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के प्रभावी अनुश्रवण के लिए मतदान केंद्रों तथा अपने प्रभार क्षेत्र में किए जा रहे भ्रमण की समीक्षा को लेकर प्रदेश स्तरीय समीक्षा कार्यशाला का आयोजन किया।

कार्यशाला की अध्यक्षता प्रदेश कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने किया। कार्यशाला में मुख्य अतिथि के रूप में अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी के स्थायी आमंत्रित सदस्य व झारखण्ड प्रभारी के. राजू, विशिष्ट अतिथि के रूप में एआईसीसी सचिव प झारखण्ड सह प्रभारीद्वय डॉ. श्रीबेला प्रसाद एवं भूपेंद्र मरावी उपस्थित थे।

कार्यशाला में विधायक दल के नेता प्रदीप यादव, विधायक दल के उपनेता राजेश कच्छप, विक्सल कोनगाड़ी, भूषण बाड़ा, सुरेश बैठा, ममता देवी, डॉ प्रदीप कुमार बालमुचू तथा श्री बंधु तिर्की मुख्य रूप से उपस्थित थे।

कार्यशाला को सम्बोधित करते हुए झारखण्ड प्रभारी के. राजू ने कहा कि एआईआर प्रक्रिया जो संचालित है, उसमें जिला कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष, जिला प्रभारी, विधानसभा प्रभारी, जिला उपाध्यक्ष, सचिव, सभी बूथों के बीएलओ के साथ बीएलए-2 सहयोग कर घर-घर जाकर सही तरीके से मतदाता पुनरीक्षण फार्म भरवाने का कार्य करें और अगर कहीं कुछ त्रुटियॉं मिलती है तो सरकारी जिला पदाधिकारियों से सम्पर्क कर उसका निदान करवायें। उन्होंने कहा कि जो टास्क प्रदेश कांग्रेस द्वारा दिया जा रहा है, उसका क्रियान्वयन सही तरीके कर अपना प्रतिवेदन ऑनलाईन समर्पित करेंगे, जिसकी प्रत्येक समीक्षा की जायेगी और आकलन कर प्रोत्साहन अंक दिया जायेगा।

झारखण्ड सह-प्रभारी डॉ0 सिरिबेला प्रसाद ने कहा कि जिस तरीके से हमलोग ग्राम पंचायतों में भ्रमण कर प्रखण्ड अध्यक्षों, बीएलओ, बीएलए-2 के कार्यों की समीक्षा बैठक कर रहे हैं, उसी तरह जिला प्रभारी, जिला अध्यक्ष, प्रखण्ड अध्यक्ष, वार्ड अध्यक्ष, मण्डल अध्यक्ष को अपने दायित्वों को निभाना होगा। किसी बूथ पर किसी भी नागरिक का मतदाता सूची से नहीं हटे, यह सुनिश्चित करना है।

झारखण्ड सह-प्रभारी भूपेन्द्र मारावी ने कहा कि मेरे प्रभार लोकसभा क्षेत्रों में आयोजित होनेवाली बैठकों में लोकसभा प्रभारी, जिला प्रभारी, जिलाध्यक्ष, विधानसभा अध्यक्षा, जिला पदाधिकारियों, प्रखण्ड अध्यक्ष, वार्ड अध्यक्ष, मण्डल अध्यक्ष, अग्रणी संगठन एवं विभाग के जिलाध्यक्ष एवं लोकसभा के वरिष्ठ कांग्रेसजन आवश्यक रूप से उपस्थित रहेंगे ताकि एआईआर की समीक्षा बैठक हो और आनेवाले समय के लिए लोकसभा चुनाव कैसे जीता जाये, राहुल गॉंधी जी को कैसे प्रधानमंत्री बनाया जाय, इस रणनीति पर गहन-विचार-विमर्श किया जा सके। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार की गलत नीतियों जैसे पेपर लीक, मंहगाई, बेरोजगार के मुद्दों को हमलोगों को गांव-गांव तक लेकर जाना है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि जिला प्रभारी, जिलाध्यक्ष को एआईआर के लिए सही से काम करने का निर्देश दिया और हर महीने की पन्द्रह तारीख को ग्राम पंचायतों में बैठक करने का भी निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश द्वारा जो-जो दिशा-निर्देश दिया गया है, उसे पूरी निष्ठा एवं समर्पण की भावना के साथ जिम्मेवारी समझकर पूर्ण करना है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान में किसी भी मतदाता का नाम नहीं छूटे, यह सुनिश्चित करना है।

कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव ने कहा कि एसआईआर अभियान को अधिक प्रभावी, सुव्यवस्थित एवं सफल बनाने के लिए सभी पदाधिकारियों को जो आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए, उसका अनुपालन पूरी ईमानदारी के साथ करना है।

कांग्रेस विधायक दल के उपनेता राजेश कच्छप ने कहा कि सभी पदाधिकारियों को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि एसआईआर की प्रक्रिया को सरल भाषा में ग्रामीणों एवं आम नागरिकों को बतायें तथा उनका नाम मतदाता सूची में नाम जोड़े।

बैठक में अभिलाष साहु, अशोक चौधरी, भीम कुमार, दयामनी बारला, राजेश गुप्ता, गुंजन सिंह, प्रदीप तुलस्यान, सतीष पॉल मुंजनी, सुलतान अहमद, आभा सिन्हा, विजय यादव, राजीव रंजन प्रसाद, केदार पासवान, शिवकुमार भगत, राकेश किरण महतो, शकील अख्तर अंसारी, धर्मराज राम, रियाज अंसारी, अलोक कुमार दूबे, चैतु उरांव, डॉ अजय शाहदेव, विनय सिन्हा दीपू, सुरजीत नागवाल, निरंजन पासवान, शशि भूषण राय, धमेन्द्र सोनकर, बेलस तिर्की, अशोक वर्मा अशोक वर्मा, जमील अख्तर, अवधेश प्रजापति, मुकुंद दास, अमर यादव, सुनील सिंह, संजय गुप्ता, बलजीत सिंह, गीताश्री उरांव, सत्यानारायण सिंह एवं अमरेन्द्र सिंह शामिल थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित