भिवानी , जून 25 -- हरियाणा की सिंचाई एवं महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रुति चौधरी ने कहा है कि लोगों को पेयजल उपलब्ध कराने और किसानों के खेतों तक सिंचाई के लिए नहरों के अंतिम छोर (टेल) तक पानी पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है और इसी उद्देश्य से भिवानी जिले, विशेषकर तोशाम क्षेत्र में विभिन्न सिंचाई परियोजनाओं को मंजूरी दी गयी है।

उन्होंने बताया कि किसानों को बेहतर सिंचाई सुविधाएं उपलब्ध कराने और जल प्रबंधन को मजबूत बनाने के लिए नहरों, माइनरों, पुलों तथा पाइपलाइन परियोजनाओं पर लगभग 33.78 करोड़ रुपये खर्च किये जाएंगे। इन परियोजनाओं के पूरा होने से क्षेत्र में पानी की उपलब्धता बढ़ेगी और किसानों को सीधा लाभ मिलेगा।

सिंचाई विभाग के अनुसार जिले में विभिन्न विकास कार्यों पर कुल 33 करोड़ 78 लाख एक हजार रुपये की राशि व्यय की जाएगी। इससे भिवानी जिले के अनेक गांवों की सिंचाई व्यवस्था में सुधार होगा।

सिंचाई मंत्री के प्रतिनिधि एवं वरिष्ठ भाजपा नेता एडवोकेट हरि सिंह सांगवान ने बताया कि आलमपुर माइनर, थिलोड़ डिस्ट्रीब्यूटरी, डाडम डिस्ट्रीब्यूटरी, डाडम हिल माइनर और झांवरी डिस्ट्रीब्यूटरी की रीमॉडलिंग की जाएगी। इसके अलावा निगाना नहर और निगाना फीडर पर पुलों का निर्माण, हेतमपुरा माइनर की लाइनिंग, पटौदी कला के सीतूवाला तालाब तक भूमिगत आरसीसी पाइपलाइन बिछाने तथा सिसर माइनर के जीर्णोद्धार का कार्य भी किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित