पटना , जून 16 -- पटना नगर निगम की ओर से मंगलवार को सभी अंचलों में आयोजित सहयोग शिविरों में आम नागरिकों की समस्याओं और शिकायतों के समाधान के लिये व्यापक स्तर पर जनसुनवाई की गई। शिविरों में नागरिकों ने तत्परता से भाग लेते हुए विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 279 आवेदन प्रस्तुत किए। इनमें से 161 आवेदन पटना नगर निगम से संबंधित थे।पटना नगर निगम की पूरी टीम ने शिविर के दौरान प्राप्त प्रत्येक आवेदन पर गंभीरता, संवेदनशीलता और तत्परता के साथ कार्रवाई की। अधिकारियों एवं कर्मियों ने आवेदकों से सीधे संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं को समझा तथा यथासंभव त्वरित समाधान सुनिश्चित किया। इसी सक्रिय और परिणामोन्मुखी कार्यशैली के चलते नगर निगम से संबंधित 161 आवेदनों में से 77 आवेदनों का मौके पर ही निष्पादन कर दिया गया, जो कुल प्राप्त निगम संबंधी आवेदनों का लगभग 48 प्रतिशत है।

सहयोग शिविरों में विधायक, महापौर, उप महापौर, पार्षदगण तथा निगम के पदाधिकारियों ने भाग लिया। जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने आम नागरिकों से सीधे मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा संबंधित मामलों में शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक निर्देश दिए।

शिविर में नागरिकों द्वारा पटना नगर निगम की सेवाओं से संबंधित विषयों के साथ-साथ अन्य विभागों से जुड़े आवेदन भी प्रस्तुत किए गए। सभी प्राप्त आवेदनों को सहयोग पोर्टल पर दर्ज किया गया तथा प्रत्येक आवेदक को एक रेफरल नंबर उपलब्ध कराया गया। इस रेफरल नंबर की सहायता से आवेदक अपने आवेदन की अद्यतन स्थिति ऑनलाइन देख सकते हैं अथवा आगामी सहयोग शिविरों में पहुंचकर भी इसकी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

सभी शिविर स्थलों पर नागरिकों की सुविधा के लिए पेयजल, पंखा एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध कराई गई थीं, जिससे आमजन को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। सहयोग शिविर में हेल्थ कैंप का भी आयोजन किया गया।

पटना नगर निगम द्वारा सहयोग शिविरों के माध्यम से नागरिकों की समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने की दिशा में निरंतर प्रयास किया जा रहा है। पूरी टीम नागरिक सेवाओं को अधिक उत्तरदायी एवं जन-केंद्रित बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित