धार , अप्रैल 9 -- शहर की थोक सब्जी मंडी में व्यापारियों और किसानों पर धारदार हथियारों से हमला कर दहशत फैलाने वाले दो आरोपियों को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद अब मंडी क्षेत्र में नियमित पुलिस पेट्रोलिंग की जाएगी।
पुलिस के अनुसार आरोपी रुपेश पिता ओमप्रकाश और रोहित पिता भेरु निवासी आमखेड़ा को चंदेल भवन तिराहे से उस समय गिरफ्तार किया गया, जब वे वारदात के बाद भागने की फिराक में बस का इंतजार कर रहे थे। दोनों आरोपियों से पूछताछ के बाद उन्हें एसडीएम न्यायालय में पेश किया गया, जहां आगे की कार्रवाई की जा रही है।
यह घटना 8 अप्रैल की सुबह तिरला रोड स्थित थोक सब्जी मंडी में हुई थी, जहां आरोपी हथियार लेकर पहुंचे और व्यापारियों तथा किसानों से विवाद करते हुए मारपीट की। बताया गया कि सब्जी चोरी को लेकर विवाद शुरू हुआ, जिसके बाद आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए हमला कर दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित