नयी दिल्ली , मार्च 23 -- सिक्किम क्रांति मोर्चा के डाॅ इन्द्र हांग सुब्बा ने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को गुजरात का मुख्यमंत्री बनने से लेकर प्रधानमंत्री बनने के बाद से अब तक 24 साल बिना अवकाश लिए देश की सेवा करने पर बधाई एवं शुभकामनायें दी।

डॉ सुब्बा ने लोकसभा में शून्य काल के दौरान कहा कि श्री मोदी ने अनवरत 8931 दिन जनता की सेवा करने में बिताये हैं। प्रधानमंत्री ने सिक्किम के मुख्यमंत्री रहे श्री पवन कुमार चामलिंग का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। उन्होंने कहा कि देश इससे गौरवान्वित है। उन्होंने श्री मोदी के जनहित के लिए किये गये कार्योंं का इस दौरान उल्लेख किया।

डाॅ सुब्बा राव के वक्तव्य के दौरान कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, द्रमुक और शिवसेना (उद्धव) ने विरोध करते हुए कहा कि उन्हें इतना समय क्यों दिया जा रहा है।

कांग्रेस के गुरदीप सिंह औजला ने पंजाब में भारतीय खाद्य निगम के अधिकारी गगन सिंह रंधावा की आत्महत्या का मामला उठाते हुए कहा कि इस मामले में राज्य के मंत्री रहे एक राजनेता का नाम आ रहा है। इस मामले की उच्च स्तरीय जांच करायी जाये और परिवार को न्याय दिलाया जाये। उन्होंने गृह मंत्री अमित शाह से इस मामले में हस्तक्षेप करने का आग्रह किया। इस पर श्री शाह ने कहा कि पंजाब के सांसद यदि उनसे इस मामले की जांच केन्द्रीय जांच ब्यूरो से कराने की मांग करेंगे, तो वह इसकी जांच करवा लेंगे।

रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने भी कहा कि यह बहुत गंभीर मामला है और पंजाब के लोगों में इसको लेकर बड़ा रोष है। इस मामले की निष्पक्ष और त्वरित जांच करायी जाये तथा परिजनों को न्याय दिलाया जाये।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित