अलवर , अक्टूबर 06 -- राजस्थान में सफाई कर्मचारी भर्ती के लिए अनुभव प्रमाण पत्र जारी नहीं होने से नाराज अलवर जिले के लक्ष्मणगढ़ नगर पालिका के सफाई कर्मचारियों ने मंगलवार को नगर पालिका लक्ष्मणगढ़ के मुख्य द्वार पर कचरा डालकर धरना शुरू कर दिया।
कर्मचारियों ने नगर पालिका प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताते हुए जल्द से जल्द अनुभव प्रमाण पत्र जारी करने की मांग की।
सफाई कर्मचारियों ने कहा कि सफाई कर्मचारी भर्ती के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 13 अक्टूबर निर्धारित है, लेकिन अब तक उन्हें अनुभव प्रमाण पत्र जारी नहीं किये गये हैं। कर्मचारियों का आरोप है कि वे लगातार प्रमाण पत्र जारी करने की मांग कर रहे हैं, लेकिन उनकी समस्या पर ध्यान नहीं दिया जा रहा।
धरने पर बैठे कर्मचारियों ने अधिशासी अधिकारी चेतन बैरवा पर मनमानी करने और कर्मचारियों की समस्याएं नहीं सुनने के आरोप लगाये। कर्मचारियों का कहना है कि भर्ती की अंतिम तिथि लगातार नजदीक आ रही है। ऐसे में समय रहते अनुभव प्रमाण पत्र जारी नहीं किये गये तो कई कर्मचारी भर्ती के लिए आवेदन करने से वंचित हो सकते हैं।
सफाई कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि जब तक उनकी समस्या का समाधान नहीं किया जाता और अनुभव प्रमाण पत्र जारी नहीं किए जाते, तब तक उनका धरना जारी रहेगा।
नगर पालिका मुख्य द्वार पर कचरा डालकर धरने पर बैठने से मौके पर नगर पालिका प्रशासन और सफाई कर्मचारियों के बीच तनाव की स्थिति भी बनी हुई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित