भिण्ड , अगस्त 24 -- मध्यप्रदेश के भिण्ड में नगर पालिका के सफाई कर्मचारियों ने वेतन में की जा रही कटौती और सफाई कार्य के लिए पर्याप्त संसाधन उपलब्ध नहीं होने के विरोध में सोमवार को नगर पालिका परिसर में धरना-प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में कर्मचारियों ने करीब तीन से चार घंटे तक धरना देकर अपनी समस्याओं के समाधान की मांग की।

प्रदर्शन का नेतृत्व नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि एवं भाजपा नेता सुनील बाल्मीकि ने किया। उन्होंने आरोप लगाया कि सफाई कर्मचारियों के वेतन में पिछले तीन-चार महीने से लगातार तीन से चार हजार रुपये तक की कटौती की जा रही है। कर्मचारियों को करीब 12 हजार रुपये मासिक वेतन मिलता है और इतनी कम राशि मिलने से उनके लिए परिवार का भरण-पोषण करना मुश्किल हो रहा है।

बाल्मीकि ने कहा कि सफाई कर्मचारी शहर को स्वच्छ रखने के लिए सुबह से कार्य करते हैं, लेकिन उनके हितों पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने कर्मचारियों के सेवानिवृत्त होने के बाद उनके भविष्य की सुरक्षा के लिए भी आवश्यक कदम उठाने की मांग की।

प्रदर्शनकारी कर्मचारियों ने सफाई कार्य के लिए पर्याप्त उपकरण और अन्य संसाधन उपलब्ध कराने की मांग की। उनका कहना है कि संसाधनों की कमी के कारण शहर में सफाई व्यवस्था प्रभावित होती है।

कर्मचारियों ने वेतन भुगतान सहित अन्य मामलों में दबाव बनाए जाने के आरोपों की जांच कराने तथा दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग भी की। कर्मचारियों ने वेतन से की जा रही कटौती तत्काल बंद करने, वेतन में वृद्धि करने तथा उनकी अन्य समस्याओं का शीघ्र समाधान कराने की मांग की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित