चंडीगढ़ , जुलाई 29 -- शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के वरिष्ठ नेता डॉ. दलजीत सिंह चीमा ने बुधवार को आम आदमी पार्टी (आप) सरकार पर सफाई कर्मचारियों की हड़ताल को लेकर लोगों को गुमराह करने का आरोप लगाया और कहा कि सरकार यह दावा कर रही है कि नगर निकायों के सफाई कर्मचारियों ने हड़ताल समाप्त कर दी है, जबकि वास्तविकता यह है कि हड़ताल अभी भी जारी है तथा आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

डॉ. चीमा ने आज अपने बयान में कहा कि उन्होंने स्थानीय निकाय मंत्री हरजोत सिंह बैंस के विधानसभा क्षेत्र आनंदपुर साहिब, नंगल और रूपनगर से स्थिति की जानकारी ली है, जहां से पता चला है कि सफाई कर्मचारी अब भी हड़ताल पर हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी सरकार ने नगर निकाय चुनावों से पहले सफाई कर्मचारियों से जो वादे किये थे, उन्हें अब तक पूरा नहीं किया गया है। उन्होंने सरकार से मांग की कि वह कर्मचारियों से किए गए सभी वादों को तत्काल लागू करे और आंदोलन को बल प्रयोग से दबाने की कोशिश न करे।

डॉ. चीमा ने बरनाला में सफाई कर्मचारियों के प्रदर्शन के दौरान हुई पुलिस कार्रवाई का भी जिक्र करते हुए कहा कि महिला सफाई कर्मचारियों के सिर पर लाठियां बरसाने वाले पुलिस अधिकारियों के खिलाफ मामला दर्ज किया जाना चाहिए। इसके अलावा उन्होंने मोहल्ला क्लीनिक के कर्मचारियों की सेवाओं को नियमित किए जाने की मांग का भी समर्थन करते हुए कहा कि सरकार को उनकी लंबे समय से लंबित मांगों का शीघ्र समाधान करना चाहिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित