मोहाली , फरवरी 27 -- पंजाब के मोहाली शहर में सफाई कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। राज्य सफाई आयोग के उपाध्यक्ष सुरिंदर कल्याण ने जिला प्रशासनिक परिसर सेक्टर 76 में जिला प्रशासन नगर निगम तथा विभिन्न नगर परिषदों के कार्यकारी अधिकारियों (ईओ) के साथ विस्तृत बैठक की।

इस बैठक में विशेष रूप से सफाई कर्मचारी भी उपस्थित रहे और उन्होंने अपनी समस्याएं सीधे आयोग के समक्ष रखीं बैठक के दौरान उपाध्यक्ष सुरिंदर कल्याण ने सफाई कर्मचारियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना।

कर्मचारियों ने वेतन, सुरक्षा उपकरणों की कमी, सेवा शर्तों और अन्य प्रशासनिक मुद्दों से जुड़ी परेशानियां साझा कीं। इस पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करते हुए समस्याओं के शीघ्र समाधान पर जोर दिया।

उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारियों का कार्य समाज के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है और उनके अधिकारों की रक्षा करना आयोग की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

प्रशासनिक कार्यप्रणाली की समीक्षा करते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि कर्मचारियों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए और उनकी सेवा संबंधी अड़चनों को प्राथमिकता के आधार पर दूर किया जाए।

बैठक के अंत में अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि आयोग के निर्देशों का पालन करते हुए सभी लंबित मामलों का जल्द निपटारा किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित