यमुनानगर , सितंबर 15 -- हरियाणा के युमनानगर में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश मुख्य प्रवक्ता डॉ. संजय शर्मा ने कहा है कि समस्याओं और मांगों के समाधान के लिए जिद नहीं, बल्कि बातचीत का रास्ता अपनाना चाहिए। जिस तरह सफाई कर्मचारियों ने जिद पकड़ ली, वह ठीक नहीं था। समस्याओं का समाधान हमेशा बातचीत से ही होना चाहिए।

भाजपा जिला कार्यालय यमुना कमल में मंगलवार को सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित प्रेस वार्ता में डॉ. शर्मा ने कहा कि पुरानी पेंशन नीति कांग्रेस शासनकाल में लागू हुई थी, तब कर्मचारियों की मांग थी कि सेवानिवृत्ति पर एकमुश्त राशि दी जाए। अब यदि कर्मचारी पुरानी पेंशन बहाल करने की मांग करेंगे तो सरकार उस पर चर्चा कर उसे बहाल करने का काम करेगी। तेल की कीमतों में बढ़ोतरी पर उन्होंने कहा कि मौजूदा लड़ाई के कारण बनी परिस्थितियों से कीमतें बढ़ी हैं।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस राजनीतिक पार्टी न होकर गिरोह के रूप में काम कर रही है, जिसका एकमात्र उद्देश्य सत्ता हथियाकर भाई-भतीजावाद को लाभ पहुंचाना है।

डॉ. शर्मा ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने पर भाजपा द्वारा 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान प्रदेश सरकार और भाजपा सामाजिक, धार्मिक और शैक्षणिक संस्थाओं के साथ मिलकर सेवा, जनकल्याण और जरूरतमंदों की सहायता से जुड़े कार्यक्रम आयोजित करेगी। प्रेस वार्ता में जिलाध्यक्ष राजेश सपरा और प्रदेश सचिव मदन चौहान भी मौजूद रहे।

उन्होंने कहा कि भाजपा हर वर्ष 17 सितंबर को प्रधानमंत्री का जन्मदिन सेवा दिवस के रूप में मनाती रही है, लेकिन इस बार 25 वर्ष पूरे होने के विशेष अवसर पर इसे एक दिन तक सीमित न रखकर पूरे एक माह तक व्यापक स्तर पर मनाया जाएगा।

इस अभियान के तहत लगभग 12 विशेष अभियान चलाए जाएंगे । आशीर्वाद का दीया के तहत 17 सितंबर को शाम सात बजे प्रदेश की प्रत्येक विधानसभा में घर-घर दीप जलाकर प्रधानमंत्री की दीर्घायु के लिए प्रार्थना की जाएगी। मेरे सपनों का भारत के तहत स्कूलों में ड्राइंग प्रतियोगिताएं होंगी। सेवा की कहानी के तहत नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से मोदी सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुंचाया जाएगा। सेवा ज्योति कलश यात्रा का उद्देश्य विकसित भारत 2047 के संकल्प के लिए जन-जन को जोड़ना है। आंगन मिलन उत्सव के तहत 19,365 आंगनवाड़ी केंद्रों पर कार्यकर्ताओं और आशा दीदियों का अभिनंदन होगा। कहानी बदलाव की अभियान में पिछले 12 वर्षों में आए सकारात्मक बदलावों की कहानियां शक्ति केंद्रों तक पहुंचाई जाएंगी। विकसित भारत संकल्प यात्रा के तहत विकास कार्यों को सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स के माध्यम से प्रचारित किया जाएगा। सेवा मेरा योगदान अभियान में वृक्षारोपण, रक्तदान, स्वच्छता, जरूरतमंदों की सहायता और शिक्षा जैसे 25 प्रकार के सेवा कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी।

प्रदेश सचिव मदन चौहान ने कहा कि भाजपा सरकार का मूल उद्देश्य सेवा, सुशासन और विकास के माध्यम से हर व्यक्ति के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना है। प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में देश और प्रदेश निरंतर विकास के पथ पर आगे बढ़ रहे हैं और विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास जारी रहेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित