मुंबई , मई 15 -- विदेशों से मिले नकारात्मक संकेतों और रुपये में जारी नरमी के बीच शुक्रवार को घरेलू शेयर बाजार शुरुआती तेजी खोते हुए गिरावट के साथ बंद हुए।
बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 160.73 अंक (0.21 प्रतिशत) नीचे 75,237.99 अंक पर रहा। सुबह बाजार में तेजी थी और एक समय यह 472 अंक तक चढ़ गया था। हालांकि बाद में बिकवाली के जोर पकड़ने से सेंसेक्स लाल निशान में चला गया।
रुपये में जारी गिरावट से भी बाजार में निवेश धारणा प्रभावित हुई। रुपया आज पहली बार 96.50 प्रति डॉलर के पार लुढ़क गया। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी-50 सूचकांक 46.10 अंक यानी 0.19 फीसदी गिरकर 23,643.50 अंक पर बंद हुआ। पिछले दो दिन बाजार में तेजी रही थी।
वृहत बाजार में ज्यादा गिरावट देखी गयी। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 0.49 प्रतिशत और स्मॉलकैप-100 सूचकांक 0.61 प्रतिशत फिसल गया। धातु, तेल एवं गैस, बैंकिंग और वित्तीय कंपनियों ने बाजार पर दबाव बनाया। वहीं, आईटी, मीडिया और एफएमसीजी समूहों में तेजी रही।
एनएसई में जिन 3,366 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ उनमें से 2,027 के शेयर टूट गये जबकि 1,215 कंपनियों के शेयरों में तेजी रही। अन्य 124 कंपनियों के शेयर अंततः अपरिवर्तित रहे।
सेंसेक्स की 30 कंपनियों में से 16 के शेयर लाल निशान में रहे। टाटा स्टील में सबसे अधिक 1.97 प्रतिशत की गिरावट देखी गयी। इटरनल का शेयर 1.93 प्रतिशत, रिलायंस इंडस्ट्रीज का 1.87, अल्ट्राटेक सीमेंट का 1.83, भारतीय स्टेट बैंक का 1.69, महिंद्रा एंड महिंद्रा का 1.56 और बीईएल का 1.22 प्रतिशत नीचे बंद हुआ। एलएंडटी, एक्सिस बैंक, बजाज फिनसर्व, ट्रेंट, एशियन पेंट्स और एनटीपीसी के शेयर भी फिसल गये।
इंफोसिस का शेयर 2.08 प्रतिशत की बढ़त में रहा। टेक महिंद्रा का शेयर 1.86 प्रतिशत, पावर ग्रिड का 1.34, अडानी पोर्ट्स का 1.27, मारुति सुजुकी का 1.14, भारती एयरटेल का 1.13, कोटक महिंद्रा बैंक का 1.08 और हिंदुस्तान यूनीलिवर का एक प्रतिशत चढ़ा। सन फार्मा, टाइटन, टीसीएस, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, इंडिगो और आईटीसी के शेयरों में भी मजबूती देखी गयी।
वैश्विक स्तर शेयर बाजारों में गिरावट रही। एशिया में जापान का निक्केई 1.99 प्रतिशत, हांगकांग का हैंगसेंग, 1.62 प्रतिशत और चीन का शंघाई कंपोजिट 1.02 प्रतिशत फिसल गया। यूरोपीय बाजारों में शुरुआती कारोबार में जर्मनी का डैक्स 1.74 फीसदी और ब्रिटेन का एफटीएसई 1.67 प्रतिशत नीचे था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित