आजमगढ़ , जून 27 -- समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार की अयोध्या नीति पर प्रहार करते हुये वादा किया कि उनकी सरकार आने पर अयोध्या को विश्वस्तरीय सुविधायें दी जायेंगी। शनिवार को आजमगढ़ पहुंचे सपा सुप्रीमो ने भगवान राम के प्रति अपनी अटूट सत्य निष्ठा जताते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनते ही अयोध्या को वैश्विक स्तर (वर्ल्ड क्लास) की सुविधाएं दी जाएंगी और वहां के स्थानीय निवासियों को उच्चस्तरीय नागरिक सुविधाएं मिलेंगी। इसके साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अयोध्या दौरों के विश्व रिकॉर्ड पर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा कि एक तरफ दौरों का रिकॉर्ड बन रहा था और दूसरी तरफ बड़े पैमाने पर धांधली हो रही थी, जो जनता की समझ से परे है। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री चंद्रदेव राम यादव 'करेली' के आवास पर आयोजित एक वैवाहिक कार्यक्रम में शिरकत करने अखिलेश यादव शनिवार को आजमगढ़ पहुंचे थे। वहां उन्होंने नवविवाहित कन्या को अपना आशीर्वाद दिया। इस दौरान वहां मौजूद मीडियाकर्मियों से बातचीत करते हुए उन्होंने उत्तर प्रदेश की सियासत और अयोध्या विकास को लेकर कहा की "समाजवादी पार्टी की सरकार आने पर अयोध्या का कायाकल्प किया जाएगा। हम अयोध्या को वर्ल्ड क्लास फैसिलिटी (विश्वस्तरीय सुविधाएं) देंगे।"उन्होंने जोर देकर कहा कि विकास ऐसा होना चाहिए जिससे वहां के आम नागरिकों और स्थानीय लोगों को भी उच्चस्तरीय जीवन स्तर और सुविधाएं मिल सकें, न कि केवल कागजों पर विकास दिखे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित