लखनऊ , फरवरी 8 -- समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोमवार को भाजपा पर लोकतंत्र को कमजोर करने और विपक्ष, खासकर पीडीए वर्ग के मतों में सेंध लगाने का गंभीर आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र बचाने वाले बहादुर व्यक्ति नंदलाल को जनता के सामने लाकर भाजपा के कथित षड्यंत्र का पर्दाफाश किया गया है।
लखनऊ में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में अखिलेश यादव ने दावा किया कि भाजपा नेताओं, उनके संगी-साथियों और समर्थकों ने नंदलाल के नाम पर फ़ॉर्म-7 के सैकड़ों फ़र्ज़ी दस्तावेज़ तैयार किए। उन्होंने कहा कि नंदलाल हस्ताक्षर करता ही नहीं है, बल्कि केवल अंगूठा लगाता है, इसके बावजूद उसके नाम पर दस्तख़त दिखाकर वोट कटवाने की साजिश रची गई। सपा अध्यक्ष ने इसे देश और जनता के साथ खुला धोखा करार दिया। उन्होंने कहा कि इस शर्मनाक खुलासे के बाद भाजपा और उसके सहयोगियों को देशवासियों के सामने सिर झुकाकर खड़ा होना चाहिए।
अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा आज एक नकारात्मक पहचान बनती जा रही है और समाज ऐसे लोगों को धोखा देने वाले अपराधियों की तरह देखने लगा है। उन्होंने कहा कि हालात यह हैं कि भाजपा समर्थकों को देखकर लोग कटाक्ष करते हैं, जिससे वे खुद को अपमानित और असहज महसूस करते हैं।
सपा अध्यक्ष ने कहा कि जो लोग कैमरे के सामने वोट निरस्त कराने की कथित 'चंडीगढ़ी चाल' अपनाने से भी नहीं हिचकते, वे चुनाव जीतने के लिए पर्दे के पीछे किस हद तक जा सकते हैं, इसका अंदाज़ा लगाना मुश्किल नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के भीतर बचे गिने-चुने ईमानदार लोग भी पार्टी की कार्यप्रणाली से शर्मिंदा होकर उससे लगातार दूरी बना रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित