औरैया , सितम्बर 06 -- उत्तर प्रदेश में औरैया के बिधूना कस्बे में समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पार्टी नेता गौरव रघुवंशी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की है।
उन्होंने कहा कि गौरव पार्टी का एक बेहद जिम्मेदार कार्यकर्ता था और समय पर उचित इलाज न मिलने की वजह से आज वह हमारे बीच नहीं है। उन्होंने कहा कि अस्पताल में यदि तुरंत सही दिशा में इलाज हुआ होता, तो एक कम उम्र का होनहार नौजवान बचाया जा सकता था।
श्री अखिलेश ने बिधूना के श्री वाटिका गेस्ट हाउस में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में भाग लेने के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए देश की सामाजिक एकजुटता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि भारत की असली ताकत उसकी विविधता और भाईचारे में निहित है। चाहे हम किसी भी जाति या धर्म के हों, एक-दूसरे के दुख-दर्द में शामिल होना ही सच्ची इंसानियत है। उन्होंने कहा कि एक सच्चा सनातनी, हिंदू या संत कभी किसी दूसरे धर्म या व्यक्ति का अपमान नहीं कर सकता और न ही किसी की भावनाओं को ठेस पहुँचा सकता है। हमारी पौराणिक परंपरा हमेशा से 'वसुधैव कुटुम्बकम्' की रही है।
प्रदेश की वर्तमान स्थिति पर बात करते हुए सपा प्रमुख ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर भ्रष्टाचार, महंगाई और बेरोजगारी को लेकर करारा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार के पास जनहित के बुनियादी सवालों का कोई जवाब नहीं है। एक्सप्रेसवे निर्माण परियोजनाओं में भारी पैमाने पर वित्तीय गड़बड़ियां की जा रही हैं। उन्होंने आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे, गंगा एक्सप्रेसवे और गोरखपुर लिंक रोड का जिक्र करते हुए इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स में व्याप्त भ्रष्टाचार पर गंभीर सवाल खड़े किए।
देश की आर्थिक स्थिति और जीडीपी के आंकड़ों पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि जब युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा, महंगाई लगातार बढ़ रही है और जनसुविधाएं ठप्प हैं, तो सरकार द्वारा पेश किए जा रहे विकास के दावे संदेहास्पद प्रतीत होते हैं। उन्होंने बिधूना की सड़कों की बदहाली, 100 नंबर सेवा और एम्बुलेंस व्यवस्था के लचर रवैये का जिक्र करते हुए प्रशासनिक व्यवस्था को पूरी तरह विफल बताया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित